ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी के समीप गुरुवार को ओएचई तार टूट कर ट्रैक पर गिर गया। इस कारण आनंद विहार से सीतामढ़ी जा रही लिच्छवी एक्सप्रेस ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी के समीप 2 घंटे तक खड़ी रही। घटना के कुछ ही मिनट पहले लिच्छवी एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन से खुली थी। ओएचई वायर टूटने के कारण इंजन के पेंटो से तार का संपर्क कट गया।

सूचना के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर वेद प्रकाश वर्मा, रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू और परिचालन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। करीब 2 घंटे तक ट्रेन खड़ी रहने के बाद जंक्शन से एक डीजल इंजन ले जाकर ट्रेन के पीछे जोड़ा गया और ट्रेन को फिर खींच कर जंक्शन लाया गया। फिर जंक्शन पर ट्रेन से इलेक्ट्रिक इंजन को काटकर हटाया गया और डीजल इंजन जोड़कर सीतामढ़ी के लिए रवाना किया गया। रामदयालु स्थित टीआरडी विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और तार को मोड़ कर हटाया। ट्रेन के रवाना होने पर वायर को दुरुस्त किया गया। तब परिचालन सामान्य हुआ।
