कोरोना की लड़ाई में पटना टॉप स्पीड में है। बिहार के अन्य जिलों की रफ्तार पटना की अपेक्षा कम है। अब तक 21 लाख से अधिक लोगाें का वैक्सीनेशन हो चुका है। मोड अब मिशन 100% वैक्सीनेशन का है जिसके लिए 25 जुलाई की समय सीमा तय कर दी गई है। इसके तहत पटना नगर निगम के 75 वार्डों में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन को लेकर काम किया जा रहा है। वैक्सीनेशन की रफ्तार में आप पीछे नहीं रह जाएं इसलिए हर क्षेत्र में विशेष सुविधा के तहत टीकाकरण किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन से लेकर स्लाट व सेंटर पर भी अब अधिक से अधिक वैक्सीनेशन के लिए छूट है।

अब हर दिन होगी राजधानी की समीक्षा
पटना में वैक्सीनेशन के मोड 100 % को लेकर अब हर दिन समीक्षा की जाएगी। इसके तहत रफ्तार में सुस्त पड़ रहे क्षेत्रों का कारण तलाशा जाएगा और फिर तेजी लाई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर पटना को बिहार का मॉडल बनाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए पहले पटना नगर निगम के 75 वार्डों को चुना गया है।
हर घर दस्तक के लिए बनाई गई टीम
पटना के शहरी वार्डों में हर घर दस्तक देकर टीका की जानकारी लेने के लिए टीम बनाई गई है। यह टीम टीका से संबंधित पूरी जानकारी लेगी। यह पता लगाया जाएगा कि टीका कौन- कौन लोगों ने लिया है और जिसने नहीं लिया है तो कारण क्या है। इसके बाद इस पर काम किया जाएगा। टीम को मोबाइल मोड पर काम करते हुए लोगों का वैक्सीनेशन करने को कहा गया है। इसके लिए हर वार्ड में एक एक टीम लगा दी गई है। वार्ड में एक भी व्यक्ति नहीं छूटे इस दिशा में काम किया जा रहा है।

हर टीम की होगी क्रास चेकिंग
वार्डों में मिशन 100% वैक्सीनेशन के लिए लगाई गई टीम की भी क्रास चेकिंग होगी। अगर टीम में शामिल सदस्य समय से वार्ड में नहीं पहुंचते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटना डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने इस बात का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी भी दशा में एक भी घर ऐसा नहीं छूटना चाहिए। जहां टीम ने दस्तक न दी हो। समय से टीम वार्ड में पहुंचे और मिशन मोड पर काम करे। टीकाकरण की अंचलवार समीक्षा जूम के माध्यम से की जा रही है। हर दिन की रिपोर्ट मांगी जा रही है।
पटना में टीका एक्सप्रेस के साथ सेशन साइट पर जोर
पटना में वैक्सीनशन के लिए हर तरह से जोर लगाया जा रहा है। टीका एक्सप्रेस के साथ सेशन साइट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोग जागरुक भी हुए हैं जिससे संख्या तेजी से बढ़ रही है। 24 घंटे में पटना के शहरी क्षेत्र में 8394 लोगों का टीकाकारण हुआ है। इसमें अजीमाबाद अंचल में 2040 बांकीपुर अंचल में 1305 कंकड़बाग अंचल में 1043 नूतन राजधानी अंचल में 1310 पाटलिपुत्र अंचल में 1006 पटना सिटी में 1120 फुलवारी में 169 लोगों को टीका लगाया गया है। इसमें 5191 को पहला और 3203 को दूसरा डोज लगा है।
ऐसे टॉप पर है पटना जिला
पटना जिला में 24 घंटे में कुल 51758 लोगों को टीका लगा है। अब तक कुल 2172596 लोगों का टीकाकरण किया गया है जिसमें से 1682772 ने पहला और 498824 ने दूसरा डोज लगवाया है। 60 वर्ष से ऊपर के 286554 ने पहली और 111281 ने दूसरी डोज लगवाई है। 45 से 59 वर्ष के 406038 ने पहली और 237130 ने दूसरी डोज लगवाई है। वहीं 18 से 44 वर्ष के 845189 ने पहली और 47826 ने दूसरी डोज लगवाई है।