बिहार: 18 जुलाई को होगी जेडीयू की बैठक, पहली बार आरसीपी सिंह के सामने होंगे उपेंद्र कुशवाहा

पटना. JDU प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है. 18 जुलाई को प्रदेश कार्यालय में बैठक होगी. मीटिंग में संगठन की मजबूती व पार्टी की नीतियों पर चर्चा होगी. इस बैठक में सबस अहम बात संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) की मौजूदगी होगी. कुशवाहा पहली दफे जेडीयू पदाधिकारियों की बैठक में शिरकत करेंगे.

आरएलएसपी का जेडीयू में विलय के बाद अब तक उपेन्द्र कुशवाहा पार्टी की मीटिंग से दूर ही रहे. प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने लगातार कई मीटिंग की, लेकिन उसमें कुशवाहा को आमंत्रित नहीं किया गया था. इस बार प्रदेश नेतृत्व ने संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा को आमंत्रित किया है. प्रदेश अध्यक्ष का दावा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे.

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बातचीत में कहा कि रविवार को 11 बजे से प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है. बैठक में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश को भी आमंत्रित किया गया है. वहीं संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा भी बैठक में शिरकत करेंगे. प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे. इसके अलावे अन्य कई नेता भी बैठक में शामिल होंगे. उमेश कुशवाहा ने बताया कि कल की बैठक में संगठन की मजबूती, पार्टी की नीतियों पर चर्चा की जाएगी. आगे किस तरह के कार्यक्रम किये जाने हैं इस पर भी पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा होगी.

बता दें, पहले जेडीयू की बैठक वर्चुअल माध्यम से होनी थी. इसके लिए पदाधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से जुड़ने को कहा गया था. अब उसमें संशोधन किया गया है. पार्टी ने 15 जुलाई को पत्र जारी कर सभी पदाधिकारियों को बैठक के लिए प्रदेश कार्यालय बुलाया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.