बड़ी खबर: अब एक ही नंबर पर मिलेगी सभी प्रकार की इमरजेंसी सेवा, डायल 112 जल्द होगा लॉन्च

अब लोगों को इमरजेंसी सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर नहीं डायल करने होंगे. सभी प्रकार के इमरजेंसी सेवाओं के लिए अब एक ही नंबर डायल करना होगा, जिसको लेकर बिहार सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए राज्य में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम विकसित किया जा रहा है. जिसके तहत सभी प्रकार की इमरजेंसी सेवाओं के लिए सिर्फ 112 डायल करना होगा.

अभी पुलिस को कॉल करना है तो 100, फायर बिग्रेड के लिए 101 और अगर मेडिकल की इमरजेंसी है तो एंबुलेंस के लिए 102 नंबर पर डायल करना होता है. लेकिन बहुत जल्द ये सारे नंबर बदल जाएंगे. इनकी  जगह सिर्फ एक नबंर डायल करना होगा. लोग 112 डायल कर सारी सुविधा प्राप्त कर सकेंगे. इसकी तैयारी में गृह विभाग जुट चुका है. अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो इसी साल के अक्टूबर-नवंबर तक राज्य में यह नई सेवा शुरू हो जाएगी.

इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम के लिए 176.22 करोड़ रुपए खर्च का आकलन किया गया है. इसमें 10.80 करोड़ रुपए केंद्रीय अनुदान के रूप में प्राप्त भी हो गया है, जबकि राज्य सरकार को 165.42  करोड़ की राशि खर्च करनी है. गृह विभाग ने पहले चरण में 48 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है. इससे इमरजेंसी सेवा के लिए जरूरी चार पहिया वाहनों की खरीद की जाएगी. ईआरएसएस योजना को वैसे तो राज्य भर में लागू करना है, लेकिन पहले चरण में राजधानी पटना समेत 10 जिलों से इसकी शुरुआत होगी.

इसके बाद चरणबद्ध तरीके से धीरे-धीरे सभी 38 जिलों में इसका विस्तार किया जाएगा. सबसे ज्यादा मदद इस बात की होगी कि एक नंबर रहने से लोगों को नम्बर याद करने में कोई परेशानी नहीं होगी. और साथ ही मदद जल्द से जल्द उन तक पहुंच सकेगी. राजधानी पटना के राजवंशी नगर के पास वायरलेस कैंपस में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम सेंटर का निर्माण चल रहा है. कहीं, से कॉल करने पर इसी सेंटर में सबसे पहले रिसीव किया जाएगा. उसके बाद यहां बड़ी संख्या में तैनात किए गए कर्मी जरूरत के हिसाब से उसे संबंधित विभाग को ट्रांसफर कर देंगे. इस तरह की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.