मुज़फ़्फ़रपुर: काेलकाता और नागपुर के बीच फंस कर रह गई है एसकेएमसीएच में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घाेषणा

काेराेना की तीसरी लहर की आशंका के बावजूद एसकेएमसीएच में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा कोलकाता और नागपुर के बीच फंसी हुई है। कोलकाता की कंपनी लिंडे 20 केएल क्षमता की टंकी देने में देर कर रही है। उधर, नागपुर स्थित केंद्र सरकार का उपक्रम पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन (पेसाे) लाइसेंस देने में आनाकानी कर रहा है। इसलिए तीन माह से एसकेएमसीएच में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित नहीं हाे पा रहा है। ज्ञात हाे कि काेराेना की पहली लहर में पताही एयरपोर्ट पर बनाए अस्पताल समेटने के बाद डीआरडीओ ने ऑक्सीजन प्लांट के लिए जरूरी सभी उपकरण एसकेएमसीएच काे दे दिया था।

अब बार-बार पत्र लिखने के बाद भी कोलकाता की कंपनी लिंडे टंकी आपूर्ति नहीं कर रही है। जबकि, ऑक्सीजन प्लांट में उत्पादन के लिए नागपुर के पेसो से लाइसेंस मिलना है। एसकेएमसीएच प्रबंधन और बीएमआईसीएल लाइसेंस की तकनीकी बारीकियों काे नहीं सुलझा पाए। तब दाेनाें ने लाइसेंस के लिए जमीन एनओसी समेत सभी जरूरी कागजात लिंडे को सौंप दिया।

लिंडे ही टंकी सप्लाई करेगी और पेसो से लाइसेंस दिलाएगी। बीएमआईसीएल ने परिसर में पाइपलाइन बिछा दी है। इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार है। सबके फाेटाे व वीडियो फुटेज भी लिंडे काे भेजा गया है। इधर, डीआरडीओ से मिली 10 केएल क्षमता की एक टंकी करीब तीन माह पहले पीकू अस्पताल के पीछे लगाई जा चुकी है। बीएमआईसीएल के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रसून तिवारी के अनुसार इसी टंकी के बगल में लिंडे से मिलने वाली 20 केएल क्षमता की टंकी लगेगी। इसके लिए भी ढांचा तैयार है। पीकू वार्ड, जनरल वार्ड, पुराने अस्पताल के वार्ड और एमसीएच वार्ड्स तक करीब 500 मीटर पाइपलाइन की नाइट्रोजन गैस फ्लाे कर जांच कर ली गई है। दूसरी टंकी आते ही उसे इंस्टॉल कर उत्पादन शुरू हो जाएगा।

एसकेएमसीएच अधीक्षक का दावा- तीसरी लहर आई तो नहीं हाेगी ऑक्सीजन की कोई किल्लत

एसकेएमसीएच अधीक्षक डॉ. बीएस झा के अनुसार 31 जुलाई तक प्लांट लगा लेना है। प्लांट लगने के बाद 10 दिनों में उत्पादन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर अाई भी, ताे ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इधर, बीएमआईसीएल के कंसल्टेंट इंजीनियर प्रियांशु ने बताया कि एसकेएमसीएच दाेनाें ऑक्सीजन प्लांट में एक बार पूरोी क्षमता से उत्पादन शुरू हाेने पर 4 दिनों तक मरीजों को आपूर्ति होती रहेगी। फिर जरूरत के हिसाब से लिक्विड ऑक्सीजन रिफिल कर निरंतर वार्ड तक ऑक्सीजन सप्लाई होगी।

अब तक सालाना 2.28 कराेड़ रुपए ऑक्सीजन पर हाे रहा है खर्च

एसकेएमसीएच में अब तक बेला ऑक्सीजन प्लांट से राेजाना 250 से 300 सिलेंडर तक ऑक्सीजन की आपूर्ति हाेती है। एसकेएमसीएच प्रबंधन ने रिफिलिंग के लिए 3 सौ सिलेंडर खरीद कर रखा हुआ है। रिफिलिंग, सिलेंडर ले जाने-पहुंचाने और वार्ड में उसे इंस्टॉल करने की जिम्मेदारी ऑक्सीजन प्लांट की है। इसके लिए हर माह करीब 19 लाख यानी सालाना करीब 2.28 करोड़ रुपए का भुगतान एसकेएमसीएच द्वारा किया जा रहा है। अपना प्लांट शुरू हाेने पर 24 घंटे निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति होगी। प्लांट में अपने कंट्रोल पैनल से इसके स्टॉक की जानकारी मिलती रहेगी। स्टॉक कम होते ही उत्पादन शुरू किया जा सकेगा। कमी होने पर झारखंड के बोकारो से लिक्विड गैस मंगा टंकी में डाली जाएगी। यह गैस ऑक्सीजन में परिणत कर पाइपलाइन से मरीजों के बेड तक सप्लाई होगी।

सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू पर टेक्नीशियन अब तक नहीं मिला

सदर अस्पताल स्थित एमसीएच परिसर में ऑक्सीजन प्लांट शुरू हाे चुका है। लेकिन, अब तक टेक्नीशियन की नियुक्ति नहीं हुई है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन ने दो ओटी असिस्टेंट को यहां पर तैनात किया है। बीएमआईसीएल ने दाे माह पहले ही प्लांट को बना कर अस्पताल प्रबंधन को सौंपा था। डीपीएम बीपी वर्मा ने बताया कि दोनों ओटी असिस्टेंट को प्लांट चलाने की तात्कालिक ट्रेनिंग दी गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.