सदर अस्पताल में रविवार को काेराेना टीका दे रहीं एएनएम व डाटा एंट्री ऑपरेटर में दो युवतियाें को टीका देने की बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ऑपरेटर ने एएनएम को पिटाई की बात कह डाली। इस पर अन्य एएनएम भी भड़क गईं और टीकाकरण रोक दिया। उनका कहना था कि जब तक ऑपरेटर पर कार्रवाई नहीं हाेगी, टीकाकरण नहीं होगा। करीब एक घंटा टीकाकरण बाधित रहने पर डीईओ अजय पांडेय ने लिखित शिकायत करने व ऑपरेटर पर कार्रवाई का भराेसा दिया, तब टीकाकरण शुरू हुआ। एएनएम शोभा कुमारी ने कहा कि ऑपरेटर आलोक कुमार दो लोगों का टीकाकरण कराने आया था।

उसने एएनएम रीना को टीका देने की बात कही। इस पर रीना ने कहा, वह कागजात को सबमिट कर रही है। दूसरे एएनएम से टीका ले लीजिए। इसी बात पर आलोक मारपीट की बात कहने लगा। आरोप लगाया कि बिना वेरिफिकेशन के पैसा लेकर टीकाकरण हाे रहा है। तब एएनएम ने टीकाकरण रोक दिया। शोभा ने कहा अगर सीएस ऑपरेटर पर कार्रवाई करते हैं तो ठीक है, अन्यथा टीकाकरण बाधित रहेगा। उधर, रविवार को जिले में 15 केंद्राें पर 3700 लाेगाें के टीकाकरण के लक्ष्य की जगह 2470 को टीका लगा।