कोरोना टीका: आज सभी केंद्रों पर लगेगी वैक्सीन,कोवैक्सीन की 60 हजार डोज मिली

पटना जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी केंद्रों पर गुरुवार को वैक्सीनेशन होगा। सभी टीका एक्सप्रेस भी चलेंगी। बुधवार को बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति ने पटना जिले को कोवैक्सीन की 60 हजार डोज उपलब्ध कराई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक पहले से कोविशील्ड की करीब 30 हजार डोज बची है। जिन केंद्रों पर कोविशील्ड बची है वहां दोनों वैक्सीन लगेगी। टीका उपलब्ध नहीं होने के कारण बुधवार को सभी केंद्रों को बंद रखा गया था। जिला प्रशासन ने पटना नगर निगम क्षेत्र के 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को 31 जुलाई तक टीकाकृत करने का लक्ष्य रखा गया है।

अभी तक करीब 78 फीसदी लोगों का टीकाकरण हुआ है। जिले में अबतक 23,58,686 लोगों का टीकाकरण हुआ है। इसमें 18,24,939 लोगों ने पहली और 5,33,747 लोगों ने दोनों डोज ली है। राज्य में टीका देने में पटना जिले को पहला स्थान हासिल हुआ है। इधर बुधवार को राज्य में 16462 लोगों को टीका लगा। 15 जिलों में किसी को टीका नहीं लगा। सबसे अधिक गया में 5555 लोगों को टीका लगाया गया। पटना में 883 लोगों को टीका लगा। बिहार को बुधवार को 1,01,560 कोवैक्सीन की डोज मिली है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.