पटना: मानसून सत्र में शामिल होंगे तेजस्वी, राबड़ी आवास पर महागठबंधन की हुई बैठक

बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले राबड़ी आवास में रविवार की शाम महागठबंधन की बैठक हुई। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानमंडल के बजट सत्र में विधायकों के साथ बहुत बुरा सलूक किया गया था। कई विधायकों को पीटा भी गया। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेवार हैं और उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार इस घटना पर अपना वक्तव्य दें।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बातों से यह स्पष्ट हो गया कि वह विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होंगे। बजट सत्र में विधायकों के साथ मारपीट के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा था कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती या फिर इस घटना पर जिम्मेदार माफी नहीं मांगते तब तक वे सदन में नहीं जाएंगे।

क्या बोले तेज प्रताप

वहीं, तेज प्रताप यादव ने महागठबंधन की बैठक से पहले कहा कि सरकार के इशारे पर विधायकों को पिटवाया गया था। दो पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से हम संतुष्ट नहीं हैं। दोषी पुलिसकर्मी और अधिकारी को भी सस्पेंड करना होगा। हमारे पास वीडियो है जिन्होंने मारपीट किया है। नीतीश कुमार को इस पर जवाब देना होगा। विधानसभा में 4 से 5 कैमरे लगे हुए हैं, अध्यक्ष को घटना का वीडियो विधानसभा में ही मिल जाएगा। विधानसभा सत्र के दौरान भी हम इस घटना का सबूत देंगे। विपक्षी विधायकों ने कोई मर्यादा हीनता का काम नहीं किया है।

अजीत शर्मा ने कहा- महंगाई, फोन टैपिंग रहेगा मुद्दा
बिहार विधानसभा मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल नेता अजीत शर्मा ने कहा कि महंगाई का मुद्दा, फोन टैपिंग मामला, विधायकों पर मारपीट की कार्रवाई का मुद्दा सदन में उठाएंगे। सदन चलना चाहिए। जातिगत जनगणना का हम समर्थन करते हैं। बीजेपी वाले जनता का विरोध करते हैं और देश को तोड़ने का काम करते हैं। महागठबंधन की बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, माले विधायक दल के नेता महबूब आलम, माले राज्य सचिव कुणाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा आदि शामिल हुए।

नीतीश को तेजस्वी की सलाह

इससे पहले दिल्ली से पटना पहुंचने पर रविवार को तेजस्वी यादव ने जातीय जनगणना को लेकर नीतीश कुमार को सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को आरएसएस और भाजपा के सामने कहने की हिम्मत नहीं है। अगर केन्द्र सरकार जाति जनगणना नहीं कराती है तो राज्य सरकार अपने खर्चे पर करवा ले। बता दें कि नीतीश कुमार ने केन्द्र सरकार से जाति जनगणना करने के लिए पुनर्विचार करने को कहा है। तेजस्वी यादव इसी पर बोल रहे थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.