अतरबेल जाले पथ से कटासा होते हुए कटहलिया तक जाने वाली 2.4 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण कार्य की मांग आखिरकार पूरी हो गई। लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए दैनिक अखबारों में 23 जुलाई को ‘सिंहवाड़ा की पांच ग्रामीण सड़क जर्जर, पैदल चलना भी हुआ मुश्किल, प्रशासन व जनप्रतिनिधि बेखबर’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर छपी थी। खबर छपने के दूसरे दिन से सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

युवा जदयू के जिला महासचिव बदर आजम हाशमी ने बताया कि भास्कर में खबर छपते ही विभाग हरकत में आया और काम शुरू हो गया। वहीं उप प्रमुख साजिद मुजफ्फरपुर बबलू, मुखिया रमेश कुमार, पैक्स अध्यक्ष एहतेशाम रिजवी आदि ने बताया कि कई बार शिकायत की पर भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नही किया जा रहा था। संवेदक ने पिछले वर्ष निर्माण स्थल पर बोर्ड लगाकर खानापूरी कर दी थी। इस सड़क के निर्माण के लिए संवेदक ने बोर्ड भी लगा दिया था। जिसपर अंकित विवरण के अनुसार 46 लाख 33 हजार 419 रुपए की लागत से सड़क का निर्माण होगा। पांच वर्ष अनुरक्षण की राशि 22 लाख 63 हजार 924 रुपया अंकित है। कार्य प्रारंभ करने की तिथि 23 सितंबर 2020 व समाप्ति की तिथि 22 सितंबर 2021 अंकित है।