बिहार की आर्थिक और सांस्कृतिक राजधानी मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट और सियासत, दोनों का कनेक्शन काफी गहरा है. पताही एयरपोर्ट की मुश्किल ये रही कि जब-जब चुनाव का समय आया. नेताओं ने पताही एयरपोर्ट के मुद्दे को भुनाया. नेताओं ने हमेशा अपने मतदाताओं को आसमान में उड़ाने का सपना दिखाया. हालांकि, अब पताही एयरपोर्ट के लिए केंद्र से किए गए पत्राचार का परिणाम आना शुरू हो गया है. नवनियुक्त नागरिक और उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एयरपोर्ट को लेकर सीएम नीतीश को पत्र भेजा है.

सिंधिया ने बिहार के जिन हवाई अड्डों के विस्तारीकरण और जहां से नई उड़ाने शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है उनमें मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, रक्सौल और दरभंगा शामिल हैं. पत्र में पताही एयरपोर्ट के लिए 475 एकड़ जमीन की मांग की गई है.

मुजफ्फरपुर पताही एयरपोर्ट पर 1220 मीटर का रनवे है, लेकिन उसे 1800 मीटर होना चाहिए. चाहरदिवारी आठ फीट की जगह 12 फीट होनी चाहिए. हैंगर का निर्माण जरूरी है. इसमें आस-पास के गांव की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इससे पूर्व के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रियों से पत्र लिखकर पताही एयरपोर्ट के निर्माण और विकास की बात कही है. लेकिन अब इस मामले में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहल कर दी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर तत्काल जमीन मुहैया कराने की बात कही है.

