पूर्णिया. अक्सर हमारे समाज में कुछ ऐसी बातें होती रहती हैं जो हम सभी को प्रेरणा प्रदान करते हैं. इसी तरह का एक अभियान पूर्णिया में शुरू हुआ है जो हर आम ओ खास को एक नयी दिशा दिखा रहा है. पूर्णिया के डीएम राहुल कुमार (Purnia DM Rahul Kumar) द्वारा शुरू किया गया ‘किताब दान’ अभियान (Book Donation campaign) का जिले में जबरदस्त असर दिख रहा है. अब तक हजारों लोगोंं ने डीएम की अपील पर एक लाख पुस्तकें दान में दी हैं. इससे जिले में 152 पुस्तकालय खोले जा चुके हैं. जबकि दर्जनोंं पुस्तकालय अभी और खोले जाने हैं.

पूर्णिया के डीएम राहुल कुमार ने किताब दान अभियान को लेकर समाहरणालय में बैठक की. डीएम ने कहा कि पांच सितम्बर को इस अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. न्यूज 18 से बात करते हुये डीएम ने कहा कि पिछले एक साल में किताब दान अभियान के तहत अबतक एक लाख से अधिक पुस्तकें दान में मिल चुकी हैं. इससे ग्रामीण इलाकों में 152 पुस्तकालय खेले जा चुके हैं. जबकि अगले माह तक 30 और पुस्तकालय खोले जायेंगे


डीएम ने कहा कि कोरोना काल में पुस्तकालय बंद रहे, लेकिन एक सितम्बर से पुस्तकालय खोले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिले में इस अभियान का काफी असर हो रहा है. इससे जहां ग्रामीण इलाके के लोगों को पुस्तकालयों में बैठकर पढ़ने का मौका मिल रहा है. वहीं लोगों की घरों में बेकार पड़ी पुस्तकें जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं.


डीएम ने कहा कि कई लोग पुस्तक पढ़ने के बाद आलमीरा में सजाकर रख देते थे. लेकिन इस किताब दान अभियान चलाने के बाद से लोग खुलकर अपनी पुस्तकें दान कर रहे हैं. इससे ग्रामीण इलाके के लोगों को काफी सुविधा मिल रही है. डीएम ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में रखी पुस्तकों को दान करें ताकि दूसरे लोग भी इसका फायदाा उठा सकें


पूर्णिया के डीएम राहुल कुमार स्वयं इस किताब दान अभियान की मॉनिटरिंग करते हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है. इसलिए पुस्तक को जितने लोग पढ़ेंगे उतना फायदा होगा.