सीतामढ़ी : मुआवाजे की राशि के लिए ससुराल वालों ने विधवा बहू को मारपीट कर घर से निकाला

सीतामढ़ी। पैसे के लिए लोग किस स्तर तक जा सकते हैं, यह कहना मुश्किल है। ताजा मामला सीतामढ़ी का है। पति की मौत के बाद मिलने वाली मुआवजे की राशि के लिए ससुराल वालों ने अपनी विधवा बहू को बच्चों समेत मार-पीट कर घर से निकाल दिया है।

अब बहू न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। बहू का कहना है कि ससुराल वालों ने यह कदम मुआवजे की राशि के लिए उठाया है। यह मामला सीतामढ़ी के सुप्पी थाना क्षेत्र के मोहनीमंडल गांव का है। पीड़ित बहू निशा ने अपने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाया है।

निशा के पति रंजन मिश्रा बिजली विभाग में मानव बल के तौर पर तैनात थे। उनकी 01 मई 2021 को काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गयी थी। पति की मौत के बाद वह पूरी तरह से टूट चुकी थी।

ऊपर से ससुरालवालों का कहर उसे आए दिन झेलना पड़ रहा है। निशा ने अपने सास-ससुर समेत अन्य लोगों पर पिटाई कर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। निशा ने बताया कि ससुराल वाले कई बार उसकी जान लेने की कोशिश भी कर चुके हैं।

बताते चलें कि निशा की शादी 11 मई 2017 को सुप्पी थाना के मोहनीमंडल गांव निवासी रंजन मिश्रा के साथ हुई थी। वह बिजली विभाग में कार्यरत था। काम करने के दौरान बिजली के झटके लगे, जिसे वह सह नहीं सका और उसकी मौत हो गई। इस हादसे से वह काफी टूट चुकी है।

अब निशा पर छोटे-छोटे बच्चों की परवरिश की भी जिम्मेदारी है। पति की मौत के बाद बिजली विभाग ने निशा को मुआवजे की राशि दी। तब से ससुराल वाले उससे उन रुपयों के लिए लगातार परेशान कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि उसकी पिटाई कर दी गयी और बच्चों समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.