लालू प्रसाद अभी नहीं आएंगे पटना:चिराग पासवान अपने पिता की बरसी में शामिल होने का आग्रह करने गए थे, तब लालू ने कही यह बात

चिराग पासवान, पटना में रामविलास पासवान की बरसी का आमंत्रण देने लालू प्रसाद के पास दिल्ली गए थे। वहां उनसे मुलाकात कर आने का आग्रह किया। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा, ‘हम अभी पटना नहीं जा पाएंगे। तेजस्वी आदि लोग बरसी में शामिल होंगे। हम सभी अभिन्न साथी थे रामविलास जी के। हमलोग हर तरह से सपोर्ट करते रहेंगे।’

लालू प्रसाद ने कहा कि पूरा आशीर्वाद है। रामविलास पासवान के साथ समझौता करके हमने कई बार राजनीतिक लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं, जहां भी चिराग रहेंगे, हम उनके साथ रहेंगे। उनकी माता जी से भी बात हुई है।

इससे पहले चिराग और तेजस्वी कर चुके हैं बात

एक दिन पहले चिराग पासवान ने पटना में तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की थी। पिता जी रामविलास पासवान की बरसी का आमंत्रण देने वे तेजस्वी के पास गए थे। तेजस्वी ने इस मौके पर चिराग के साथ बैठकर देर तक बात की थी। दोनों की बातचीत के राजनीतिक मायने भी निकाले गए। दोनों की मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी कि दोनों के राजनीतिक दुश्मन नीतीश कुमार हैं।

दूसरी तरफ भाजपा से भी चिराग पासवान का मोह भंग हो चुका है। भाजपा ने समय आने पर उनके बागी चाचा पशुपतिनाथ पारस का साथ दिया और केन्द्र में मंत्री तक बनवा दिया। इसे नीतीश कुमार के बदले की भावना से की गई राजनीति भी कहा गया था। अब चिराग अपनी राजनीतिक धाक मजबूत करने के लिए बिहार की यात्रा भी कर रहे हैं।

सेहत पहले से अच्छी दिख रही

लालू प्रसाद की सेहत पहले से अच्छी दिख रही है। मीसा भारती के बेटे के जन्म दिन और उससे पहले कृष्णाष्मी के दिन भी लालू प्रसाद एक्टिव दिखे थे। लालू प्रसाद ने यह कहकर कि अभी पटना नहीं जाएंगे, जता दिया है कि पटना आने के लिए उनकी सेहत में और सुधार जरूरी है। यह भी स्पष्ट है कि डॉक्टरों ने अभी दिल्ली छोड़ने से उन्हें मना किया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.