संक्रमण की चपेट में आए बिहार में सफाई कर्मियों की हड़ताल भारी पड़ रही है। घर से लेकर बाहर सड़क पर कचरा सड़ रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। बिहार में वायरल की चपेट से लोग मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, इस पर सफाई कर्मियों की हड़ताल संक्रमण बढ़ाने वाली हो गई है। नगर निगम की मनमानी से आक्रोशित सफाई कर्मियों की हड़ताल गुरुवार तीसरे दिन भी जारी रही और नगर निगम सफाई का फर्जी दावा करती रही। पटना में हड़ताल से सफाई की पूरी व्यवस्था ही लड़खड़ा गई है। लगातार 3 दिनों से एक भी घर से कचरा नहीं उठा है।
अधिकतर लोगों ने घरों का गंदा कचरा सड़क पर फेंक दिया है। सड़क पर फेके कचरे को जानवरों ने और फैला दिया है, जिससे घर से लेकर बाहर तक संक्रमण का खतरा है। सड़क पर दुर्गंध के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। त्योहार के सीजन में घर से लेकर शहर तक पूरा गंदा है। शुक्रवार से गणेश उत्सव शुरू हो रहा है और शहर में सफाई की व्यवस्था ही चरमरा गई है। इस कारण से लोगों में काफी आक्रोश है।


बीमारी पर भारी पड़ेगा शहर में सड़ रहा कचरा
बिहार में वायरल बुखार तेजी से फैल रहा है। गंदगी और वायु प्रदूषण के कारण होने वाले इस संक्रमण के फैलाव में शहर में सड़ रहा कचरा सहायक हो जाएगा। इससे संक्रमण की रफ्तार और तेजी से बढ़ सकती है। शहर में जानवरों की मौत के बाद भी शव को सड़क पर फेंक दिया जा रहा है। यह सब संक्रमण का बड़ा कारण बन सकता है। पटना के अस्पतालों में वैसे भी मरीजों की संख्या फुल है, खासकर बच्चों पर इसका बड़ा प्रभाव है। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्थसा संक्रमण के बढ़ने में काफी मददगार होगी। अगर व्यवस्था में शीघ्र कोई सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में गंदगी के कारण संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ जाएगा।

कर्मचारी संगठन ने कहा, मांग मानी गई तभी होगी सफाई
बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त नेतृत्व में पटना नगर निगम सहित राज्य के सभी नगर निकायों के स्थाई, दैनिक, आउटसोर्स एवं संविदा कर्मी तीसरे दिन भी हड़ताल कर रहे हैं। मोर्चा के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, महामंत्री अमृत प्रसाद एवं श्यामलाल प्रसाद ने कहा है कि बिहार के सभी नगर निकायों में शुक्रवार को चौथे दिन भी हड़ताल जारी रहेगी।

राज्य के नगर निकायों के कर्मचारी इस बार पूरी तरह से एकजुट है। जब तक मांगों पर सरकार फैसला नहीं ले लेती है, तब तक संपूर्ण नगर निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। सफाई मजदूरों के पद को पुनर्जीवित करने एवं वर्षों से कार्यरत दैनिक मजदूरों को नियमित करने से संबंधित मांगों के बारे में वे लंबे समय से मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

निगम ने किया सफाई का दावा
पटना नगर निगम का भी सफाई का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। निगम का दावा है कि हड़ताल के बाद भी पटना नगर निगम का विशेष सफाई अभियान जारी है। विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद ठोस रणनीति बनाकर सफाई व्यवस्था गुरुवार को भी जारी रही। मुख्य सड़कों की साफ-सफाई के साथ डोर-टू-डोर सेवा पर फोकस करते हुए गाड़ियां निकाली गई एवं कार्य में अवरोध पहुंचाने वाले लोगों पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। दिन में जहां आउटसोर्सिंग कर्मियों द्वारा सफाई का कार्य हो रहा है, वहीं रात्रि में मशीनों एवं टास्क फोर्स के माध्यम से प्रमुखता से सफाई कार्य जारी है।

गंदगी से लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
घर से लेकर बाहर तक सफाई बाधित है। पटना में मुख्य सड़कों से लेकर गली मोहल्लों की सड़कों पर कचरा सड़ रहा है। संक्रमण काल में गंदगी के इस आलम में निगम कोई भी दावा करे लेकिन सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता है। गंदगी और कचरे से पटे इलाकों में रह रहे लोग त्योहारी सीजन में शहर की इस हालत से काफी परेशान और आक्रोशित हैं।