मुजफ्फरपुर : तीसरी लहर की आशंका के बीच भी नहीं बना ऑक्सीजन प्लांट

मुजफ्फरपुर। तीसरी लहर की आशंका के बीच सरकारी अस्पतालों में अभी तक एक भी नया ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह से बनकर तैयार नहीं हुआ है। तय डेडलाइन के बाद शहर सदर अस्पताल, एसकेएमसीएच, पारू व कांटी पीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट का काम पूरा नहीं हो सका है।

 

कोरोना की संभावित तीसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से मरीजों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए सदर अस्पताल, पारू, कांटी पीएचसी और एसकेएमसीएच में ऑक्सीजन प्लांट बनाए जाने थे। सदर अस्पताल में यूनीसेफ से सहयोग से नया ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाना था।

यहां पहले से एक ऑक्सीजन प्लांट मातृ शिशु सदन में है। दूसरा प्लांट ड्रग स्टोर के पास लगना था, लेकिन बाद में इसे भी मातृ-शिशु सदर में शिफ्ट कर दिया गया। ऑक्सीजन प्लांट के लिए सामान मातृ-शिशु सदन में सामान रख दिया गया है, लेकिन इसे चालू नहीं किया गया है।

कांटी और पारु पीएचसी में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं, लेकिन यहां अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। सदर अस्पताल में बनने वाला नया ऑक्सीजन प्लांट 600 लीटर प्रति मिनट के हिसाब से ऑक्सीजन उत्पादन करेगा। अस्पताल के मातृ शिशु सदन में अभी 280 लीटर प्रति मिनट के हिसाब से ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाला प्लांट लगा हुआ है।

कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मई व जून में अस्पतालों में ऑक्सीजन के लिए मारामारी मची थी। ऑक्सीजन की कालाबाजारी हो रही थी। एक ऑक्सीजन सिलेंडर 20 से 25 हजार में बिक रहे थे। इसके बाद सरकार ने एसकेएमसीएच और दूसरे अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषण की थी, लेकिन प्लांट तैयार नहीं हो सके हैं। सौजन्य: हिन्दुस्तान

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.