मुज़फ़्फ़रपुर : एम्स के रंग में रंगा एसकेएमसीएच

व्यंग / मनोज

सौन्दर्य ! किसे नापसंद है। औरत – मर्द ! मंदिर – मस्जिद ! अस्पताल या दफ्तर ! सभी इसके लामबंद है । तभी तो सब लगे हैं। जोर – शोर से ! बदलाव की होड़ में ! कम या ज्यादा ! सजाव सभी को पसंद है। यह प्रकृति का नियम भी है। समय के साथ परिवर्तन। तभी तो हर सेक्टर में बदलाव ! परवान चढ़ रहा है! कहीं भव्य गेट। सुंदर दफ्तर बन रहा है। कहीं अपराध अपने ढंग से बढ़ चढ़ रहा है । लुकाछिपी के इस दौर में होड़ जारी है। कद के हिसाब से साज सज्जा की तैयारी है। पहले मंदिरों में होड़ बनी। बदलाव की। तोड़फोड़ शुरू हुआ। दीवारों को सजाने। टाइल्स मार्बल ग्रेनाइट लगाने। तब मस्जिद कहां थमने वाला था ? वहां भी तोड़ फोड़ हुआ। रंग रोगन से लेकर चमकीले पत्थर ! टाइल्स मार्बल ग्रेनाइट ! सजाने का दौर जारी है।

इसी होड़ में घर की कौन कहे। अब अस्पतालों में भी सजावट का दौर जारी है। कहावत भी है। जो दिखता है सो बिकता है। ऐसे में एसकेएमसीएच क्योंकर चुकता। उपचार हो न हो। रोगी को सुविधा मिले न मिले। कोशिशें जारी है। खुद को सजाने का ! संस्थान को महल बनाने का ! भले मुर्दा सूखे में मर जाये! या रोगी कंबल में सुख जाए ! बदलाव दिखना जरूरी है! लोगों को लुभाना भी था। यूजीसी का धन खपाना भी था। अरे पहले भी एक सड़क बार बार बनी थी। फिर भी बारिश उसपे चढी थी। जाने क्यों ? यह मुख्य द्वार का मामला था ! छोटे- छोटे कॉटेज भी बने थे। इसके भी कुछ सपनें पले होंगे ! आज उसमें मकड़जाल टंगे हैं। कहीं खिड़की टूटी है । कहीं शीशा बिखरा है । कहीं आवारा लुहेरों का जमघट। कहीं बच्चों का पनघट। मानों अस्पताल सैरगाह हो! जानवर से लेकर आदमी तक को इजाजत है! पार्क में पानी ! जंगल और ताला! सुरक्षा प्रहरी खुद में मतवाला! प्रेमियो का चारागाह भिखमंगो की ईदगाह !

अब नहीं तो कब? कभी न कभी तो एम्स बनती! नहीं रंग तो रूप सही! लुटेरों का ग्रुप सही ! काम तो कर रहा है न! कोई बता सकता है । एक नहीं दो दो बार स्थापित इंसुलेटर कहां है। कूड़ा कहाँ जल रहा। टूट रहे भवनों के मलवे कहाँ गये ? वो फ़्रिज कहाँ गये ? जो पानी पिलाता था! स्मार्ट टीवी कहाँ गये ? जो कार्यक्रम दिखाता था! क्या सब लगे थे होड़ में। मरीजों को रिझाने- बझाने । एमसीआई को दिखाने को ! कहाँ गुम हैं शोर में। कोरोना चमकी ब्लैक व्हाइट फंगस के दौर में। कोई पूछने वाला नहीं। खिलाड़ी दौड़ता जा रहा है। तभी तो जहाँ पहले मार्वल्स लगा था। बदलकर टायल्स सज गया था । अब उसे तोड़ कर ग्रेनाइट लगाये जा रहे हैं। आखिर बैठा बनिया क्या करेगा! विकास का दौर है। अच्छे दिन दिखाये जा रहे हैं। बाहरी परिसर में दिवालों पर पत्थर! मुख पर टांग कर शीशा। चेहरा चमकाये जा रहे हैं। अस्पताल सिनेमा हॉल बनाये जा रहे हैं। जरूरत भी था। लोग हँसते थे। दिवालों पर। बदहाली के सवालों पर।

चमकी ने सैंकड़ों जान ले ली। कोरोना ने लाशों की होली खेल ली। लेकिन वेंटीलेटर नहीं मिला। बेड नदारद। फ़र्श ने लिखा इबारत। बदबू चहूंओर ! कादो, कचरा, कीचड़ पसरा था! सब देख सुन कर भी छायी थी चुप्पी! प्रबंधन का मुंह था सिला सिला। पर इसका क्या गिला। अस्पताल है। इलाज है तो मौत मजबूरी है।कुछ बात रहे परदे में! समझना जरूरी है। काम का रंग भले बदरंग हो! लेकिन चेहरा चमकीला होना जरूरी है। तभी तीन का तेरह होगा ! तुम भी मस्त हम भी मस्त! सो ठाठ निराले हो गये। कोई जिये अपनी बला से। मरे तो अपनी बला से। हमको तो “अप टू डेट” होना माँगता !

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.