मुजफ्फरपुर। दूरदराज हाईस्कूलों में संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीण बच्चों को बाल विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
इसके लिए बाल विज्ञान कांग्रेस की टीम देहात क्षेत्रों के हाईस्कूलों में पहुंचकर वहां के बच्चों से लेकर शिक्षकों तक को आयोजन और महत्व के बारे में जागरूक करेगी।
बच्चों को परियोजना के निर्माण व परियोजना के लिए चुने जाने वाले थीम से लेकर विषय का चयन, उसमें स्थानीय समस्याओं का समाधान, परियोजना की विवरणी लिखने से लेकर उसके प्रस्तुतिकरण के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अगले महीने होने वाले जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के आयोजन से पहले इस कार्य को किया जाना है। बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक डॉ. फूलगेन पूर्व ग्रामीण क्षेत्र के हाईस्कूलों में जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पारू, मुरौल, सकरा, मोतीपुर और मीनापुर समेत अन्य प्रखंडों में जाकर बच्चों को जानकारी देंगे। पिछले दो-तीन वर्षो से दूरदराज के हाईस्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सहभागिता कम हो रही है। सौजन्य: प्रभात खबर
