मुजफ्फरपुर। कोरोना से मौत होने पर आश्रितों को मिलने वाले अनुदान में फर्जीवाड़ा का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि जिंदा लोगों के मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर उनके नाम पर अनुदान का आवंटन मंगवा लिया गया।

सत्यापन के दौरान इसका खुलासा होने पर आपदा कार्यालय से लेकर जिला स्वास्थ्य समिति और एसकेएमसीएच में हड़कंप मच गया है। इस फर्जीवाड़े में स्वस्थ हो चुके कोविड पीड़ित का अस्पताल से बेड हेड टिकट लेकर उनके नाम पर हेथ सर्टिफिकेट बनवाया गया।
जिला स्तरीय कमेटी ने इसके आधार पर अनुदान की सिफारिश कर दी। उनके नाम पर आवंटन भी जिले को मिल गया। इसका भंड़ाफोड़ आपदा प्रबंधन कार्यालय द्वारा सीओ के माध्यम से मृतकों के सत्यापन कराने पर हुआ।
शुरूआती जांच में सामने आए दो मामले एसकेएमसीएच के हैं। जिले से 805 मृतकों के अनुदान की अनुशंसा की गई है। इनमें से 563 के लिए राशि का आवंटन हो चुका है। भुगतान से पहले इनका सत्यापन किया जा रहा है।

बताया जाता है कि अनुदान के लिए कोविड पॉजीटिव रिपोर्ट और एचआरसीटी रिपोर्ट चाहिए। अस्पताल में भर्ती होने पर बेड हेड टिकट जरूरी होता है। इसके साथ अस्पताल या निगम या पंचायत द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र देना होता है।दावों की जांच कर मुख्यालय को अनुशंसा भेजी जाती है। आवंटन मिलने के बाद सीओ सत्यापन करते है। फिर परिजन के खाते में राशि भेज दी जाती है।
आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता डॉ.अजय कुमार ने बताया कि मुख्यालय से राशि आने के बाद जिला स्तरीय समिति ने जिनको भुगतान के लिए सूची भेजी है, उनके सत्यापन के शुरुआती दौर में ही दो जीवित पाए गए है। ऐसी और भी घटनाएं हो सकती है। यह जांच का विषय है कि इनका डेथ सर्टिफिकेट कैसे बना और ऐसे कितने मामले है। सौजन्य: हिन्दुस्तान