मुजफ्फरपुर : श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई अनंत चतुर्दशी पर्व

मुजफ्फरपुर। शहर से लेकर गांव तक रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ अनंत चतुर्दशी पर्व धूमधाम से मनाई गई। महिलाओं और पुरूषों ने विधिवत रूप से भगवान अनंत की पूजा-अर्चना की। घरों और विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने अनंद चतुर्दशी का व्रत किया। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को अनंत चतुर्दशी पर्व किया जाता है।

इस दौरान खीरा, धागा और रेशम के बने चौदह गांठ वाले अनंत, दूध, अलग-अलग तरह के पकवान, फलों के प्रसाद से भगवान को नैवेद्य अर्पित किया। दूध,दही,शक्कर, घी, मध, हल्दी चूर्ण मिलाकर पंचामृत बनाया गया। कथा सुनने के बाद भक्तों ने खीरा और अनंत भगवान को लेकर पंचामृत में मंथन किया।

पारू के जयमल डुमरी के रहने वाले पंडित श्रीकांत चौबे ने पूजा के अंत में भक्तों से कहा कि कथी मथइछी क्षीर समुंदर अनंत भगवान मिललन त माथा चढ़ाउ। इस दौरान कथा सुनने के बाद भक्तों ने श्रद्धा पूर्वक आरती की।

अनंत भगवान की पूजा करके संकटों से रक्षा करने के लिए भक्तों को अनंत सूत्र बांधा गया। कहा जाता है कि जब पाण्डव जुए में अपना सारा राज-पाट हार कर वन में कष्ट भोग रहे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें अनंत चतुर्दशी का व्रत करने की सलाह दी थी। धर्मराज युधिष्ठिर ने अपने भाइयों तथा द्रौपदी के साथ पूरे विधि-विधान से यह व्रत किया तथा अनंत सूत्र धारण किया। अनंत चतुर्दशी व्रत के प्रभाव से पाण्डव सब संकटों से मुक्त हो गए। विधि-विधान से व्रत कर्ता प्रात:स्नान करके व्रत का संकल्प करें। शास्त्रों में यद्यपि व्रत का संकल्प और पूजन किसी पवित्र नदी या सरोवर के तट पर करने का विधान है। यदि ऐसा संभव न हो तो घर में पूजा गृह की स्वच्छ भूमि पर कलश स्थापित करें। कलश पर शेषनाग की शैय्या पर लेटे भगवान विष्णु की मूर्ति अथवा चित्र को रखें। उनके समक्ष चौदह ग्रंथियों (गांठों) से युक्त अनंत सूत्र (डोरा) रखें। इसके बाद ॐ अनन्तायनम: मंत्र से भगवान विष्णु तथा अनंत सूत्र की षोडशोपचार-विधि से पूजा करें। पूजन उपरांत अनंत सूत्र को मंत्र पढ़कर पुरुष अपने दाहिने हाथ और महिलाएं बाएं हाथ में बांधती है।

अनंत सूत्र बांध लेने के पश्चात किसी ब्राह्मण को नैवेद्य (भोग) में निवेदित पकवान देकर स्वयं सपरिवार प्रसाद ग्रहण किया। पूजा के बाद व्रत-कथा को पढें या सुनें। कथा का सार-संक्षेप यह है कि सतयुग में सुमन्तु नाम के एक मुनि थे। उनकी पुत्री शीला अपने नाम के अनुरूप अत्यंत सुशील थी। सुमन्तु मुनि ने उस कन्या का विवाह कौण्डिन्य मुनि से किया।

 

कौण्डिन्य मुनि अपनी पत्नी शीला को लेकर जब ससुराल से घर वापस लौट रहे थे, तब रास्ते में नदी के किनारे कुछ महिलाएं अनंत भगवान की पूजा करते दिखाई पड़ी। शीला ने अनंत-व्रत का माहात्म्य जानकर उन महिलाओं के साथ अनंत भगवान का पूजन करके अनन्त सूत्र बांध लिया। इसके फलस्वरूप थोड़े ही दिनों में उसका घर धन-धान्य से पूर्ण हो गया।
एक दिन कौण्डिन्य मुनि की दृष्टि अपनी पत्नी के बाएं हाथ में बंधे अनंत सूत्र पर पड़ी। जिसे देखकर वह भ्रमित हो गए और उन्होंने पूछा-क्या तुमने मुझे वश में करने के लिए यह सूत्र बांधा है? शीला ने विनम्रता पूर्वक उत्तर दिया-जी नहीं, यह अनंत भगवान का पवित्र सूत्र है। परंतु ऐश्वर्य के मद में अंधे हो चुके कौण्डिन्य ने अपनी पत्नी की सही बात को भी गलत समझा और अनंत सूत्र को जादू-मंतर वाला वशीकरण करने का डोरा समझकर तोड़ दिया तथा उसे आग में डालकर जला दिया।

 

इस जघन्य कर्म का परिणाम भी शीघ्र ही सामने आ गया। उनकी सारी संपत्ति नष्ट हो गई। दीन-हीन स्थिति में जीवन-यापन करने में विवश हो जाने पर कौण्डिन्य ऋषि ने अपने अपराध का प्रायश्चित करने का निर्णय लिया। वे अनंत भगवान से क्षमा मांगने हेतु वन में चले गए। उन्हें रास्ते में जो मिलता वे उससे अनंत देव का पता पूछते जाते थे। बहुत खोजने पर भी कौण्डिन्य मुनि को जब अनंत भगवान का साक्षात्कार नहीं हुआ, तब वे निराश होकर प्राण त्याग ने को विवश हुए। तभी एक वृद्ध ब्राह्मण ने आकर उन्हें आत्महत्या करने से रोक दिया और एक गुफा में ले जाकर चतुर्भुजअनंत देव का दर्शन कराया। भगवान ने मुनि से कहा-तुमने जो अनंत सूत्र का तिरस्कार किया है । यह सब उसी का फल है। इसके प्रायश्चित हेतु तुम चौदह वर्ष तक निरंतर अनंत-व्रत का पालन करो।  इस व्रत का अनुष्ठान पूरा हो जाने पर तुम्हारी नष्ट हुई सम्पत्ति तुम्हें पुन:प्राप्त हो जाएगी और तुम पूर्ववत सुखी-समृद्ध हो जाओगे। कौण्डिन्य मुनि ने इस आज्ञा को सहर्ष स्वीकार कर लिया।

 

भगवान ने आगे कहा-जीव अपने पूर्ववत दुष्कर्मो का फल ही दुर्गति के रूप में भोगता है। मनुष्य जन्म-जन्मांतर के पातकों के कारण अनेक कष्ट पाता है। अनंत-व्रत के सविधि पालन से पाप नष्ट होते हैं तथा सुख-शांति मिलती है। कौण्डिन्य मुनि ने चौदह वर्ष तक अनंत-व्रत का नियमपूर्वक पालन करके खोई हुई समृद्धि को पुन:प्राप्त कर लिया।
–

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.