ओमप्रकाश दीपक
मुजफ्फरपुर। बिहार में कोरोना महामारी थमने से सब कुछ सामान्य हो गया। ट्रेनें चल रही है। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हजारों यात्रियों का आवागमन हो रहा है। बावजूद इसके कोरोना महामारी के नाम पर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर लगे दो स्वचालित सीढ़ी अभी भी बंद है।
प्रथम लॉकडाउन के समय से ही स्वचालित सीढ़ी से आवागमन बंद कर दिया गया। लॉकडाउन तो समाप्त हो गया और ट्रेनों का आवागमन शुरू है,लेकिन सीढ़ी को अब तक चालू नहीं किया गया है। मुजफ्फरपुर जंक्शन स्थित यात्री सुविधा के लिए लगे दो स्वचालित सीढ़ी (इस्कैलेटर) इन दिनों शोभा का वस्तु बनकर रह गया है। पिछले 18 माह से सीढ़ी से आवागमन बंद है।
मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर के पूरब साइड एवं स्टेशन के दक्षिण साइड में स्वचालित सीढ़ी (इस्कैलेटर) लगा है। परिसर में लगे स्वचालित सीढ़ी को 15 मई 2014 को पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक मधुरेश कुमार के द्वारा उद्घाटन किया था।

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्री सुविधा के लिए लगे स्वाचालित सीढ़ी बंद रहने से यात्री सामान्य सीढ़ी से होकर आवागमन कर रहे है। प्रांगण में लगे स्वाचालित सीढ़ी से होकर एक, दो एवं तीन नम्बर प्लेटफार्म पर यात्री आते जाते है। जबकि दक्षिणी छोर लगे सीढ़ी से पुल पर आकर यात्री विभिन्न प्लेटफार्म पर जाते है।
रेलवे के द्वारा एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए स्वचालित सीढ़ी लगाया था। ताकि बूढ़े,विकलांग,बीमार व्यक्ति, बच्चे एवं महिला आराम से एक से दूसरे प्लेटफार्म पर जा सके। यह सुविधा अभी नदारद है।
मुजफ्फरपुर जंक्शन से प्रतिदिल लगभग 75 ट्रेनों का आवागमन है। कई ट्रेनें यहां से खुलती है तो कई ट्रेनें यहां से होकर गुजरती है। ट्रेनों के परिचालन से प्रतिदिन लगभग तीस हजार यात्रियों का आवागमन स्टेशन पर होता है। बावजूद इसके सीढ़ी को चालू नहीं करना कई सवाल खड़ा कर रहा है। यात्री भी ऐसी स्थिति को देखकर रेलवे की व्यवस्था पर कोश रहे है।
