मुजफ्फरपुर : शहर के मझौलिया स्थित चक अब्दुल वाहिद में बिजली चोरी पर छापेमारी करने गए जेई के साथ मारपीट कर बंधक बनाने का प्रयास किया।
इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डाल जेई सहित अन्य कर्मियों के साथ बदसलूकी व मारपीट की गई। साथ ही जान से मारने तक की धमकी दी गई।
किसी तरह सुरक्षा दल ने वहां से जेई को निकाला। इस संबंध में माड़ीपुर के जेई आदित्य नारायण ने काजी मोहम्मदपुर थाने में केस दर्ज कराया है। इसमें मो.जफर आलम को आरोपित किया है।
जेई ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को छापेमारी टीम आरोपित के घर पर पहुंची। जांच के दौरान पाया कि वह बिजली चोरी कर रहा है। टीम ने पीवीसी वायर को जब्त कर लिया।
इस दौरान आरोपित ने अपने समर्थकों को जुटाकर टीम को बंधक बनाने का प्रयास किया। सुरक्षा दल की मदद से टीम वहां से जान बचाकर निकली।
बताया जाता है कि शहरी सहित आसपास क्षेत्रों में बिजली चोरी की जाती है लेकिन, विभाग की ओर से ठोस कदम नहीं उठाने के कारण बिजली चोरी करने वालों के हौसले बुलंद है। आए दिन छापेमारी के दौरान बिजली विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज व मारपीट की घटना आम बात हो गई है। सौजन्य : हिन्दुस्तान