ओमप्रकाश दीपक
मुजफ्फरपुर। जिले में कोरोना से मौत हुई है तो बिहार सरकार 4 लाख रुपये परिजनों को अनुदान दे रही है। जिले में वर्ष 2020-2021 में कोरोना से मौत होने के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार को अब तक 604 आश्रितों के लिए 24 करोड़ 44 लाख की राशि आयी है।
जिसमें 307 मृतक के परिजनों के खाते में 12 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि उनके खाते में भेजी गयी है। वहीं 297 आवेदनों को जांच के लिए विभिन्न प्रखंड कार्यालय को भेजा गया है। प्रखंड से जांच प्रतिवेदन आते ही अनुदान की राशि उनके खाते में होगा। इसके साथ ही 52 आश्रितों के आवेदन आये है, लेकिन अब तक राशि सरकार की ओर से नहीं आयी है।
अनुदान की राशि आरटीजीएस के माध्यम से मृतक के परिजनों के खाते में भेजी गई है। वहीं प्रखंड मुख्यालय द्वारा आवेदन में दिये गये पत्ते और मोबाइल नंबर से कर्मचारी जांच में जुटे हुये है। कई आवेदन ऐसे मिले है जो उनकी मौत मुजफ्फरपुर में हुई। लेकिन पता जिले के बाहर का है। वैसे आवेदन को वहां से स्थानांतरण कर उस जिले को भेज दिया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार को अब तक 691 मृतक के आश्रितों की सूची मिली है। सरकार की ओर से अब तक मात्र 604 आश्रितों के पैसे आये है।
प्रखंड से जांच प्रतिवेदन आते ही अनुदान की राशि आवेदकों के खाते में होगा। आपदा विभाग अनुदान राशि देने के लिए कागजी काम में जुटी हुई है।
कोरोना से लाभ लेने के लिए जिलाधिकारी, आपदा प्रबंधक कार्यालय और जिला स्वास्थ्य समिति में भी कई लोग कागजात जमा कर रहे है। ऐसे जमा कागजात को जांच के लिए जिला स्वास्थ्य समिति सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर के पास भेज दिया जाता है। समिति से जांच के पश्चात आपदा विभाग के पास राशि देने के लिए आवेदन आता है।
जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र सह कार्यालय प्रकोष्ठ के अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ.अजय कुमार ने बताया कि 7 अगस्त को 308 एवं 12 अगस्त को 53 आवेदन जांच के लिए प्रखंड मुख्यालय को भेजा गया है। जिसमें मुशहरी प्रखंड को 231, मोतीपुर प्रखंड 11, मड़वन प्रखंड 5, कुढ़नी प्रखंड 21, कांटी प्रखंड 13, बोचहा प्रखंड 4 कटरा प्रखंड 13, औराई प्रखंड 12, सकरा प्रखंड 11 मुरौल प्रखंड 3, मीनापुर प्रखंड 5, पारू प्रखंड 11, सरैया प्रखंड 14, गायघाट प्रखंड 5, बंदरा प्रखंड 2, साहेबगंज प्रखंड 1 आवेदन जांच के लिए भेजा गया है।