मुजफ्फरपुर । स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत शहर के छह चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण के लिए बिजली पोल को हटाया जाएगा। इसमें हरिसभा चौक, हाथी चौक, मिठनपुरा, अघोरिया बाजार, कलमबाग चौक और कल्याणी शामिल है।
इन छह जगहों पर सड़क के बीचों-बीच गोलंबर का निर्माण कर चारों ओर 50 फुट तक में किसी भी तरह की कोई बिजली, टेलीफोन का पोल, ट्रांसफॉर्मर नहीं होगा।
इससे गाड़ियों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा वाटर फाउंटेन, एलइडी लाइट सहित अन्य आधुनिक सुविधाओं से भी चौक-चौराहों को सजाया संवारा जाएगा।
सर्वे कर 71 बिजली पोल, 14 ट्रांसफॉर्मर और 7 टेलीफोन पोल व एक्सचेंज प्वाइंट को चिन्हित किया है, जो हटाया जाना है।
नगर आयुक्त सह स्मार्ट सिटी के एमडी विवेक रंजन मैत्रेय ने इसके लिए विद्युत कंपनी एनबीपीडीसीएल के कार्यपालक अभियंता व बीएसएनएल के अधिकारियों को पत्र लिख अविलंब पोल व ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट कराने को कहा है, ताकि काम को तेजी से शुरू किया जा सके।
कार्यपालक अभियंता शहरी राजू कुमार का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर और पोल को शिफ्ट करने का प्रस्ताव स्मार्ट सिटी से मिला है। सौजन्य : प्रभात खबर