ओमप्रकाश दीपक
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन के सामान्य टिकट घर यूटीएस में इन दिनों लोकल ट्रेनों की टिकट की बिक्री कम है। प्लेटफॉर्म और मासिक टिकट की बिक्री सबसे अधिक हो रही है। लंबी दूरी की ट्रेनों में सामान्य टिकट की बिक्री पूरी तरह बंद है।
रेल प्रशासन ने ऐसे टिकट की बिक्री लगभग 18 माह से बंद कर दिया है। वहीं लंबी दूरी की ट्रेनों का सामान्य टिकट की बिक्री आरक्षण कार्यालय से होता है या फिर यात्री मोबाइल से अपना टिकट लेते है।
सामान्य टिकट घर में प्लेटफॉर्म, एमएसटी, सवारी, डेमू और मेमू लोकल चलने वाली ट्रेनों के लिए ही टिकट बिक्री करने की सुविधा दी है। 18 माह पूर्व सामान्य टिकट घर की आय जहां 15 लाख रुपये प्रतिदिन था। यह अब घटकर मात्र 81 हजार से 92 हजार के बीच रह गया है।
बावजूद इसके इस पर रेल प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। वर्तमान में जंक्शन से दर्जन भर से ऊपर लोकल ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। बावजूद इसके टिकट की बिक्री नदारद है। कर्मचारियों का कहना है कि ट्रेन तो चल रही है, लेकिन ट्रेन परिचालन का समय सही नहीं है। इस कारण यात्री सफर नहीं कर पा रहे है। ट्रेन यू ही खाली दौड़ रही है। बिजली और डीजल खर्च तक रेलवे को नहीं आ पा रहा है।
पूर्व मध्य रेलवे जोन से लेकर मंडल कार्यालय तक सबके सब हाथ पर हाथ रखकर चुप बैठे है। इतना घाटा होने पर भी किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। सामान्य टिकट घर के ग्यारह काउंटर में पांच चालू है।
छह काउंटर यू ही शोभा का वस्तु बना हुआ है। रेलवे के आंकड़ों पर नजर डालें तो सामान्य टिकट घर में 23 सितम्बर को 3061 टिकट की बिक्री होने से 91 हजार 830 रुपये की बिक्री हुई। जिसमें एमएसटी 1800 है। 24 सितम्बर को 2609 टिकट की बिक्री से 82 हजार 770 रुपये, 25 सितम्बर को 3074 टिकट की बिक्री से 81 हजार 645 रुपये एवं 26 सितम्बर को 2398 टिकट की बिक्री से 92 हजार 265 रुपये की आय हुई। इसमें 24 सितम्बर को 1400, 25 सितम्बर को 1300 एवं 26 सितम्बर को 450 एमएसटी की बिक्री हुई। इसमें 5000 से 6000 रुपये के बीच प्लेटफार्म टिकट की बिक्री है। प्लेटफार्म टिकट की कीमत मात्र दस रुपये है।

