पटना. राजद नेता तेजस्वी यादव का सरकारी बंगला (5, देश रत्न मार्ग) को खाली कराने के लिए बुधवार सुबह आवास बोर्ड के अधिकारी पहुंचे हैं। तेजस्वी अभी इस बंगले में नहीं हैं। वह चंद कदम की दूरी पर स्थित मां राबड़ी को आवंटित सरकारी आवास में रह रहे हैं। बंगला खाली कराने के दौरान विरोध की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भारी संख्या में पुलिस और बज्र वाहनों को बंगले के बाहर तैनात किया गया है।
राजधानी पटना में
देश रत्न मार्ग स्थित बंगला न.5 तेजस्वी को उप मुख्यमंत्री बनने पर राज्य सरकार की ओर से आवंटित किया गया था। हालांकि, बाद में जदयू महागठबंधन से अलग हो गया था और भाजपा के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने सरकार बना ली थी। इसके चलते तेजस्वी उप मुख्यमंत्री नहीं रहे। सत्ता जाने के बाद भी तेजस्वी यादव ने बंगला खाली नहीं किया था।
तेजस्वी ने हाईकोर्ट में दायर की थी याचिका
पिछले काफी वक्त से आवास बोर्ड विभाग तेजस्वी से यह बंगला खाली कराने की कोशिश कर रहा था। लेकिन, बंगला खाली करने से बचने के लिए तेजस्वी ने पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी। बाद में कोर्ट ने तेजस्वी की इस याचिका को खारिज कर दिया था।
सुशील मोदी को अलॉट है यह बंगला
तेजस्वी यादव का यह बंगला उप मुख्यमंत्री के लिए है। राज्य में जदयू और भाजपा के गठबंधन वाली सरकार बनने के बाद सुशील मोदी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। ऐसे में सरकार ने इस बंगले को उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को अलॉट किया है। बिहार सरकार ने वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी को एक पोलो रोड का बंगला अलॉट किया है। इस बंगले में अभी सुशील मोदी रहते हैं।