मुजफ्फरपुर : दो चरणों में हुई काउंसलिंग में चयनित 2007 अभ्यर्थियों के फोल्डर की कोडिंग कर ली गई है। उसी कोडिंग के अनुसार सभी सर्टिफिकेट पर कोड दर्ज किया जाएगा।
संख्या के अनुसार फाइलों की कोडिंग की गई है, ताकि सर्टिफिकेट अलग होने पर भी उसे संबंधित फोल्डर में आसानी से रखा जा सके। अभी सभी की इंट्री कंप्यूटर में करनी है।
फिर फोटो कॉपी कराकर विश्वविद्यालय, बोर्ड और अंचल मुख्यालय के अनुसार शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक व अन्य सर्टिफिकेट का अलग-अलग पैकेट तैयार किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने में करीब महीने भर का समय लगेगा।
पहले चयनित अभ्यर्थियों के सर्टिफिकेट की जांच राज्य स्तर से करानी थी, पिछले महीने निदेशक प्राथमिक शिक्षा ने जिला स्तर से जांच कराने का निर्देश दिया है, जिसके बाद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसमें एक संख्या के रूप में अभ्यर्थियों को कोड प्रदान किया गया है। सभी अभ्यर्थी के फोल्डर में 10 से 12 तरह के दस्तावेज लगे हैं, जिसकी फोटो कॉपी करके कंप्यूटर में इंट्री कराई जाएगी।
अभ्यर्थी के सभी डॉक्यूमेंट पर समान कोड दर्ज रहेगा। इसमें मैट्रिक, इंटर, स्नातक, टीइटी, ट्रेनिंग, आरक्षण, आय जाति समेत अन्य सर्टिफिकेट शामिल है।

सभी को अलग-अलग बोर्ड, विवि और अन्य संस्थानों के अनुसार अलग किया जाएगा। पंचायत चुनाव में कर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने से जांच का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
डीपीओ स्थापना जमालुद्दीन ने बताया कि सभी सर्टिफिकेट की छंटाई की जा रही है। सभी फोटो कॉपी पर मास्टर नंबर दर्ज करते हुए इसकी इंट्री कंप्यूटर में करनी है। इसके बाद इसे एक्सेल शीट में दर्ज किया जाएगा। सौजन्य : प्रभात खबर