मुजफ्फरपुर । सदर अस्पताल में 16 माह में 500 प्रेग्नेंसी कीट एक्सपायर हो गए। 16 माह पहले 8 जून 2020 को पैथोलॉजी जांच घर को दवा भंडार से एक हजार प्रेग्नेंसी टेस्ट किट भेजा गया था।
इस दौरान पांच सौ महिलाओं की ही प्रेग्नेंसी किट से जांच की गई। वहीं पांच सौ किट एक्सपायर कर गए।
यह मामला तब प्रकाश में आया, जब दवा भंडार को पैथोलॉजी से पत्र लिख कहा गया कि प्रेग्नेंसी किट वापस मंगा लें, 30 सितंबर को एक्सपायर हो जाएंगे।

स्टोर इंचार्ज ने सिविल सर्जन डॉ.विनय कुमार शर्मा को पत्र लिख कर इससे अवगत कराया है।
बताया जाता है कि पैथोलॉजी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के पैथोलॉजी में हर दिन चार से छह महिलाएं प्रेग्नेंसी जांच के लिए आती र्है।
इस अनुपात में अगर रोज पांच महिलाओं की प्रेग्नेंसी जांच का आंकड़ा लें, तो हर महीने 150 किट से महिलाओं का जांच होना चाहिए, इस अनुपात में 16 माह में 2400 किट की खपत होनी चाहिए, लेकिन इस दौरान पांच सौ किट की ही खपत हुई और पांच सौ किट एक्सपायर हो गए।

पैथोलॉजी विभाग के डॉ.आरके सिंह का कहना है कि वर्ष 2020 में जब किट भेजा गया था, उस वक्त कोरोना को लेकर मरीज कम आ रहे थे। ऐसे में किट रखा ही रह गया। उसके बाद 2021 में भी कोरोना के कारण बहुत कम महिलाएं जांच कराने आ रही थी। ऐसे में किट एक्सपायर हो गए और उसे वापस स्टोर भेजना पड़ा। सौजन्य : प्रभात खबर