मुजफ्फरपुर। मनियारी थाना के काजीइंडा टोल प्लाजा के पास से जब्त चांदी की बुंदी (गहना) मामले में गुरुवार को तीन सर्राफा कारोबारी समेत पांच को विशेष कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के बाद पांचों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उसके पास से 260 किलोग्राम नेपाली चांदी के गहने मिले थे। जिसका भारतीय बाजार में करीब 1.70 करोड़ रुपये कीमत है। डीआरआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इसकी पुष्टि की गई है।
इसमें बताया गया है कि डीआरआई दिल्ली की सूचना पर मुजफ्फरपुर क्षेत्रीय यूनिट ने गहने जब्त करने के साथ-साथ कार पर सवार केदार नाथ रोड निवासी सर्राफ शशांक अग्रवाल, मो. सुबहान सहित तीन को गिरफ्तार किया गया।
इनकी निशानदेही पर शशांक के पिता विकास अग्रवाल उर्फ मुन्ना और संतोष कुमार को पकड़ा गया। इनकी दुकान पर भी छापेमारी की गई। करीब तीन दिनों की पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि सर्राफा कारोबारियों ने नेपाल के रास्ते इस खेप को मंगवाया था। इसके बाद उसे कोलकात्ता लेकर कार से जा रहा था। कार की डिक्की के अंदर एक विशेष तहखाना बना रखा था।
जिसमें 260 किलोग्राम चांदी की बुंदी का पैकेट छिपाया हुआ था। डीआईआर की कोलकत्ता टीम भी वहां के आभूषण कारोबारी के नाम और पते के सत्यापन में जुटी है।
बताया जाता है कि नेपाली या चाइनिज चांदी की कीमत भारतीय चांदी की अपेक्षा 50 प्रतिशत कम होता है। कारोबारी को मुनाफा भी अधिक होता है। डीआरआई सूत्रों की मानें तो गुरुवार की सुबह मोतिहारी के रक्सौल में भी तीन आभूषण दुकानों में छापेमारी की गई। डीआरआई को विदेशी सोना-चांदी तस्करी के बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली है।