मुजफ्फरपुर। फर्जी अंक पत्र पर बहाल चार शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। इसके लिए विजिलेंस की टीम तैयारी कर रही है। इसके तहत विजिलेंस की टीम ने अहियापुर, सकरा, गायघाट और बोचहां थाने में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।

बताया जाता है कि फर्जीवाड़े में पकड़े गए शिक्षकों में कांटी के आसनगर निवासी अरविंद कुमार, मुरौल के सादिकपुर के मुन्नी गुप्ता, गायघाट के पटशर्मा निवासी गायत्री कुमारी और बोचहां के मुरादपुर निवासी अजय कुमार झा शामिल है।

चारों शिक्षकों का मैट्रिक सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया है। इनके खिलाफ धोखाधड़ी, गुमराह करने और साजिश के तहत नौकरी करने की धारा में कार्रवाई की गई है।
जिले के 100 से अधिक शिक्षक निगरानी के रडार पर हैं। उनके प्रमाण पत्र का सत्यापन अंतिम चरण में है। जिले में 11 हजार से अधिक शिक्षकों के प्रमाण-पत्र की जांच की जा रही है।
पूर्व में विजिलेंस ने जांच में 25 ऐसे शिक्षक को पकड़ा है, जो फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी कर रहे थे। कांटी के अरविंद कुमार ने नियोजन के समय मैट्रिक प्रमाण पत्र का विवरण दिया था। इसमें रौल कोड 5151, रौल नंबर 0194, वर्ष 1981, प्राप्तांक 589 श्रेणी प्रथम दिया था। जांच कराई गई तो यह मुरारी प्रसाद सिंह पिता मुरारी प्रसाद सिंह निकला। सौजन्य: प्रभात खबर

निगरानी छह साल से सर्टिफिकेट कर रही थी जांच
निगरानी विभाग छह साल से शिक्षकों के सर्टिफिकेट की जांच कर रहा है। हाईकोर्ट के आदेश पर सरकार ने जुलाई 2015 में निगरानी विभाग को सभी जिलों में 2006 के बाद नियुक्त शिक्षकों के सर्टिफिकेट की जांच का जिम्मा दिया था।
हालांकि, अब तक जांच अटकी है। करीब चार हजार शिक्षकों फोल्डर नियोजन इकाई व विभाग के बीच फंसा रहा। काफी दबाव पर पिछले माह तक शिक्षकों ने खुद ही अपने सर्टिफिकेट व अन्य डॉक्यूमेंट निगरानी पोर्टल पर अपलोड किया।बताया जाता है कि गायत्री कुमारी ने नियोजन के समय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक का अंक पत्र वर्ष 1988, रौल कोड 5209, रौल नंबर 787, प्राप्तांक 600 व श्रेणी प्रथम दी गई थी। सत्यापन के दौरान एबसेंट पाया गया है। अंक पत्र पर मुहर फर्जी पाई गई है। अजय कुमार झा ने मैट्रिक के अंक पत्र पर वर्ष 2005, रौल कोड 5344, रौल नंबर 282, प्राप्तांक 438 और श्रैणी प्रथम बताई गई है। सत्यापन कराया गया तो परीक्षा समिति ने यह डिटेल रिंटू कुमार झा, पिता कमलकांत झा के नाम से पाया गया है। फर्जी मुहर का इस्तेमाल कर अंकपत्र बनाया गया है।
