मुजफ्फरपुर। रविवार की शाम में शहर के सिकंदरपुर स्थित श्यामा मंदिर एवं नव दुर्गा मंदिर में दिया जलाने एवं अगरबती जाने वाले महिला भक्तों की हुजूम देखी गयी। इसके साथ ही परिसर में मेला लगा रहा। जहां नन्हें-मुन्ने अपने पसंद की खिलौने की खरीदारी की। वहीं मां को नैवेद्य चढ़ाने के लिए कई भक्तों को खरीदारी करते देखा गया। वहीं सोमवार को पाचवीं एवं षष्ठी नवरात्र है। सोमवार के दिन मां स्कंदमाता एवं मां कात्यायनी की पूजा की जाती है।
नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता और मां कात्यायनी की होगी पूजा-अर्चना
पारू के जयमल डूमरी निवासी पंडित श्रीकांत चौबे ने बताया कि सोमवार के सुबह साढ़े छह बजे तक पंचवी है, इसके बाद षष्ठी हो जायेगा। नवरात्र के पांचवे दिन दुर्गाजी के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की पूजा अर्चना की जाती है। स्कंद शिव और पार्वती के दूसरे और षडानन (छह मुख वाले) पुत्र कार्तिकेय का एक नाम है स्कंद की मां होने के कारण ही इनका नाम स्कंदमाता पड़ा। माना जाता है कि मां दुर्गा का यह रूप अपने भक्तों की सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करता है। उन्हें मोक्ष का मार्ग दिखाता है। मां के इस रूप की चार भुजाएं हैं और इन्होंने अपनी दाएं तरफ की ऊपर वाली भुजा से स्कंद अर्थात् कार्तिकेय को पकड़ा हुआ है। इसी तरफ वाली निचली भुजा के हाथ में कमल का फूल है। बाईं ओर की ऊपर वाली भुजा में वरदमुद्रा है और नीचे दूसरा श्वेत कमल का फूल है। सिंह इनका वाहन है। क्योंकि यह सूर्यमंडल की अधिष्ठात्री देवी हैं इसलिये इनके चारों ओर सूर्य सदृश अलौकिक तेजोमय मंडल सा दिखाई देता है। सर्वदा कमल के आसन पर स्थित रहने के कारण इन्हें पद्मासना भी कहा जाता है।
मां स्कंदमाता का मंत्र
या देवी सर्वभूतेषु मां स्कन्दमाता रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:॥
मां स्कंदमाता पूजा
देवी को केले का भोग लगाए| बुद्धिबल वृद्धि के लिए देवी स्कन्दमाता पर 6 इलायची चढ़ाकर सेवन करें। “ब्रीं स्कन्दजनन्यै नम:” का जाप करें। उपाय मध्यान शुभ मुहूर्त में करें। निश्चित ही बुद्धिबल में वृद्धि होगी।
मां स्कंदमाता का प्रिय पुष्प
कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं। इसी कारण इन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है। स्कंदमाता को कमल का पुष्प अति प्रिय है।

नवरात्र का षष्ठी दिन मां कात्यायनी की पूजा
शास्त्रों के अनुसार इस दिन देवी आदि शक्ति के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा का विधान है। दुर्गा सप्तशती में मध्य चरित्र जिस महिषासुर का उल्लेख मिलता है। उसका वध करने वाली देवी मां कात्यायनी ही हैं। इसलिए इन्हें महिषासुर मर्दनी के नाम से भी पुकारते हैं। देवी के इस स्वरूप की पूजा से कन्याओं को योग्य जीवन साथी की प्राप्ति होती है तथा विवाह में आने वाली बाधाएं भी दूर होती हैं। माता कात्यायनी की उपासना से साधक इस लोक में स्थित रहकर भी अलौकिक तेज और प्रभाव से युक्त हो जाता है। वहीं रोग, शोक, संताप, भय आदि सर्वथा विनष्ट हो जाते हैं।
ऐसा है स्वरुप मां कात्यायनी का स्वरूप अत्यंत भव्य और दिव्य है। यह स्वर्ण के समान चमकीली हैं और भास्वर हैं। इनकी चार भुजाएं हैं। दायीं तरफ का ऊपर वाला हाथ अभयमुद्रा में है तथा नीचे वाला हाथ वर मुद्रा में। मां के बाँयी तरफ के ऊपर वाले हाथ में तलवार है व नीचे वाले हाथ में कमल का फूल सुशोभित है। इनका वाहन भी सिंह है।
मंत्र
चंद्र हासोज्ज वलकरा शार्दूलवर वाहना|
कात्यायनी शुभंदद्या देवी दानव घातिनि||
चढ़ाएं
मां कात्यायनी को शहद बहुत प्रिय है। इसलिए इस दिन लाल रंग के कपड़े पहनें और मां को शहद चढ़ाएं।
दस दिनों का चल रहे नवरात्रा को लेकर चौथे दिन महिला भक्तों ने विभिन्न दुर्गा मंदिरों के साथ ही मां दुर्गा की प्रतिमा वाले स्थल पर शाम में दिया और अगरबती जलाकर पूजा अर्चना की। इसके साथ ही प्रसिद्ध गायत्री मंदिर में भी भक्तों ने दिया जलाया। पूजा स्थल एवं दुर्गा मंदिरों में महिला भक्तों को शाम में दिया जलाने के लिए हुजूम देखा गया।

शहर के क्लब रोड स्थित देवी मंदिर, बंग्लामूखी मंदिर, कल्याणी चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैंक रोड स्थित दुर्गा मंदिर, सदर अस्पताल स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा भोला चौक स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैरिया चौक स्थित दुर्गा मंदिर, जीरो माईल स्थित दुर्गा मंदिर, अहियापुर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु रोड स्थित मुक्तिनाथ मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु नगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर आदि जगहों पर तीसरे दिन भी महिला भक्तों ने शाम में दिया और अगरबती जलाकर पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
इसके साथ ही विभिन्न जगहों पर मां दुर्गा की प्रतिमा बैठने वाले स्थल पर भी महिला भक्तों ने शाम में दिया जला कर मां की पूजा अर्चना की।

इसके साथ ही अखाड़ाघाट गायत्री नगर में प्रसिद्ध गायत्री मंदिर में तीसरे दिन भी महिला भक्तों ने दिया व अगरबती जलाकर पूजा अर्चना की। मंदिर के सामने में शिव मंदिर एवं दुर्गा पूजा स्थल पर महिला भक्तों ने दिया एवं अगरबती जलाकर पूजा अर्चना की।
