मुजफ्फरपुर : प्रमाण-पत्र फर्जी मिला तो अभ्यर्थी के खिलाफ होगी एफआईआर

मुजफ्फरपुर। प्रारंभिक विद्यालय में शिक्षक पद पर चयनित अभ्यर्थियों के सर्टिफिकेट का जिला स्तर पर सत्यापन कर जांच होगी। प्रमाण-पत्र फर्जी मिलने पर अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने डीइओ व डीपीओ स्थापना को पत्र भेजकर सत्यापन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।

कहा है कि सत्यापन कराने से पहले जिला स्तर पर चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र व नियोजन इकाई की ओर से दी गई मेधा सूची से अंकों का मिलान अवश्य कर लिया जाए।

इस प्रक्रिया में यदि मेधा सूची निर्माण में गलत प्रविष्टि पाई जाए तो संबंधित नियोजन इकाई के विरूद्ध तत्काल अनुशासनिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार को अनुशंसा की जाए।

यदि अभ्यर्थी की ओर से फर्जी प्रमाण-पत्र दिया गया हो, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश है। गैर शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का भी सत्यापन होगा।

अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के साथ ही अन्य प्रमाण-पत्रों का भी सत्यापन कराया जाए। इसमें जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र के साथ ही अन्य प्रमाण-पत्र भी होंगे।

वहीं, शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए विभागीय स्तर पर विशेष दूत की तैनाती करने का निर्देश दिया है। जिले में हुई दो चरण की काउंसेलिंग में 2007 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वहीं, अभी तमाम नियोजन इकाइयों को तीसरे चरण काउंसेलिंग का इंतजार है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन को लेकर जिला नियाजन कोषांग में पखवाड़े भर से तैयारी चल रही है। फाइलों की कोडिंग कर अलग-अलग बोर्ड व विश्वविद्यालय के अनुसार पैकेट बनाया जा रहा है। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.