मुजफ्फरपुर : अष्टमी व्रत में मां महागौरी की जाती है पूजा, नष्ट होता है पाप, मिलती है सुख और समृद्धि

मुजफ्फरपुर । आश्विन मास के शुक्ल पक्ष में नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को मां दुर्गा अष्टमी व्रत है। आज के दिन मां महागौरी की पूजा अर्चना की जाती है। इसके साथ ही मंगलवार को सप्तमी के दिन माता की पट खुलने से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगी। महिला भक्तों ने विभिन्न माता के मंदिरों एवं प्रतिमा स्थलों पर दिया और अगरबती जलाकर माता की आरती की। परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।

पारू के जलमल डूमरी निवासी पंड़ित श्रीकांत चौबे ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन बुधवार को मां दुर्गा अष्टमी व्रत का विशेष महत्व होता है। दुर्गा अष्टमी के दिन मां दुर्गा के मां महागौरी स्वरुप की आराधना की जाती है। इनके पूजन करने से व्यक्ति को सुख, सौभाग्य और समृद्धि भी मिलती है। इससे सब पाप नष्ट हो जाते हैं।

दुर्गा अष्टमी की व्रत एवं पूजा विधि मंत्र

नवरात्र में दुर्गा अष्टमी व्रत का विशेष महत्व होता है। जो लोग नवरा​त्र के प्रारंभ वाले दिनों से व्रत रखते हैं, वे दुर्गा अष्टमी का भी व्रत रखते हैं। दुर्गा अष्टमी के दिन मां दुर्गा के मां महागौरी स्वरुप की आराधना की जाती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव को पाने के लिए कई वर्षों तक मां पार्वती ने कठोर तपस्या की थी। जिससे उनके शरीर का रंग काला हो गया था। जब भगवान शिव उनकी तपस्या से प्रसन्न हुए तो उन्होंने उनको गौर वर्ण का वरदान भी दिया। इससे मां पार्वती मां महागौरी कहलाईं। दुर्गा अष्टमी को व्रत करने और मां म​हागौरी की आराधना करने से व्यक्ति को सुख, सौभाग्य और समृद्धि भी मिलती है। इससे सब पाप भी नष्ट हो जाते हैं। दुर्गा अष्टमी के दिन कई भक्त कन्या पूजन और हवन भी करते है।

 

दुर्गा अष्टमी व्रत एवं पूजा विधि

अष्टमी के दिन स्नान आदि से निवृत होकर आप स्वच्छ वस्त्र धारण करें। उसके बाद हाथ में जल और अक्षत् लेकर दुर्गा अष्टमी व्रत करने तथा मां म​हागौरी की पूजा करने का संकल्प लें। इसके बाद पूजा स्थान पर मां महागौरी या दुर्गा जी की मूर्ति या तस्वीर स्थापित कर दें। कलश स्थापना किया है, तो वहीं पूजा करें। पूजा में मां महागौरी को सफेद और पीले फूल अर्पित करें। नारियल का भोग लगाएं। ऐसा करने से मां महागौरी प्रसन्न होती हैं। नारियल का भोग लगाने से संतान संबंधी समस्याएं दूर होती हैं। पूजा के समय महागौरी बीज मंत्र का जाप करें और अंत में मां महागौरी की आरती करें।

बीज मंत्र: श्री क्लीं ह्रीं वरदायै नम:।

अन्य मंत्र:

माहेश्वरी वृष आरूढ़ कौमारी शिखिवाहना।
श्वेत रूप धरा देवी ईश्वरी वृष वाहना।।

या
ओम देवी महागौर्यै नम:।

 

कन्या पूजा
दुर्गा अष्टमी को ही कन्या पूजन होता है, तो आप हवन के बाद 2 से 10 वर्ष की कन्याओं का अपनी क्षमता के अनुसार पूजन, दान, दक्षिणा और भोजन कराएं। उनका आशीष लें। कई भक्त महानवमी के दिन कन्या पूजन करते है।

 

दस दिनों का चल रहे नवरात्रा को लेकर छठें दिन मंगलवार को महिला भक्तों ने विभिन्न दुर्गा मंदिरों के साथ ही मां दुर्गा की प्रतिमा वाले स्थल पर शाम में दिया और अगरबती जलाकर पूजा अर्चना की। इसके साथ ही अखाड़ाघाट स्थित गायत्री नगर में प्रसिद्ध गायत्री मंदिर में महिला भक्तों ने दिया और अगरबती जलायी। पास में शिव मंदिर एवं पूजा स्थल वाले दुर्गा मंदिर में महिला भक्तों को शाम में दिया जलाने के लिए हुजूम लगा रहा।

शहर के क्लब रोड स्थित देवी मंदिर, बंग्लामूखी मंदिर, कल्याणी चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैंक रोड स्थित दुर्गा मंदिर, सदर अस्पताल स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा भोला चौक स्थित दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा रेलवे कॉलोनी दुर्गा मंदिर, ब्रह्मपुरा चौक स्थित दुर्गा मंदिर, बैरिया चौक स्थित दुर्गा मंदिर, जीरो माईल स्थित दुर्गा मंदिर, अहियापुर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु रोड स्थित मुक्तिनाथ मंदिर स्थित दुर्गा मंदिर, रामदयालु नगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर, सिकंदरपुर मोड़ चौक स्थित दुर्गा मंदिर, सिकंदरपुर स्थित श्यामा मंदिर, नव दुर्गा मंदिर आदि जगहों पर छठे दिन भी महिला भक्तों ने शाम में दिया और अगरबती जलाकर पूजा अर्चना कर माता की आरती की। परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.