मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के पीजी सत्र 2018-19 के 4219 विद्यार्थियों को सात माह से थर्ड सेमेस्टर के रिजल्ट का इंतजार है। बताया जाता है कि इनका कोर्स पिछले साल ही पूरा हो जाना था, लेकिन, अभी तक दो सेमेस्टर का रिजल्ट मिला है, मगर सत्र विलंब होने से छात्र परेशान है।
विद्यार्थियों का कहना है कि अब तक थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट आएगा, यह न तो विभाग बता रहा, न ही विवि के अधिकारी।पीजी सत्र 2018-20 का एडमिशन एक साल देर से वर्ष 2019 में हुआ था। जनवरी 2021 तक केवल एक सेमेस्टर की परीक्षा हो सकी।
सत्र पटरी पर लाने के लिए विवि ने फरवरी व मार्च में सेकेंड और थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा ली। विद्यार्थियों से अंडरटेकिंग लिया गया कि सेकेंड की परीक्षा क्वालीफाइ करने के बाद ही थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट मान्य होगा।
विवि की तरफ से कहा गया था कि इस साल फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा लेकर रिजल्ट दे दिया जाएगा। लेकिन, अभी तक थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट अटका है।
विवि ने तीन सितंबर को सेकेंड सेमेस्टर का रिजल्ट जारी किया था। 4219 छात्रों के रिजल्ट में 1050 का पेंडिंग है। इसके अलावा अन्य कई तरह की गड़बड़ी थी।
इस कारण छात्रों ने हंगामा भी किया। विवि की तरफ से सुधार का आश्वासन दिया गया। लेकिन, डेढ़ महीने में कोई पहल नहीं हो सकी। छात्रों का आरोप है कि कॉपी जांच में गड़बड़ी की गई है।

मनोविज्ञान के सातवें पेपर में करीब 70 परीक्षार्थियों को 26 से 30 अंक मिले हैं, जबकि उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 32 अंक चाहिए। वहीं, कई विषयों के विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षा में शामिल होने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दिखा दिया गया। सेकेंड सेमेस्टर में सभी विषयों में 463 परीक्षार्थी अनुपस्थित बताए गए है। सौजन्य: प्रभात खबर