मुजफ्फरपुर। स्थानीय लोगों की मांग पर पूर्व मध्य रेलवे ने दो नई रेल लाइन के लिए सर्वे को मंजूरी दे दी है। इसके लिए पूर्व मध्य रेलवे की निर्माण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि मोतीपुर-साहेबगंज, राजापट्टी और चकिया-केसरिया नई रेल लाइन निर्माण के लिए जल्द सर्वे शुरू होगा। दोनों नई रेल लाइन निर्माण से मुजफ्फरपुर के पश्चिमी क्षेत्र के अलावा पूर्वी पंचायरण व गोपालगंज जिले के करीब 20 लाख आबादी को यात्रा करने में सुविधा होगी।
इससे तीनों जिलों के आधा दर्जन प्रखंडों में व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही धार्मिक स्थल थावे व केसरिया तक श्रद्धालु आसानी से पहुंच सकेंगे।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने दोनों नई रेलखंड के ट्रैफिक और इंजीनियरिंग सर्वे के लिए निर्माण एजेंसियों से प्रस्ताव की मांग की है। तीन नवंबर को एजेंसी का चयन किया जाएगा।
सर्वे कार्य पर 10 लाख से अधिक खर्च का अनुमान है। 38 किमी लंबी मोतीपुर-राजापट्टी वाया साहेबगंज और 25 किमी लंबी चकिया-केसरिया नई बीजी(बड़ी लाइन) रेल लाइन के सर्वे की सूचना से तीनों जिलों के लोगों में उम्मीदें बंधी है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर के पश्चिम इलाके में पड़ने वाले साहेबगंज और केसरिया अब तक रेल नेटवर्क से अछूता रहा है। हालांकि, दोनों इलाका हाजीपुर-सुगौली निर्माणाधीन नई रेल लाइन के अधीन है।
एक लाख ग्रामीणों ने लिखा था पीएम को पत्र
बताया जाता है कि साहेबगंज-राजापट्टी रेललाइन निर्माण के लिए साहेबगंज व आसपास के लोग छह साल से प्रयत्नशील है। वहीं मोतीपुर-साहेबगंज-राजापट्टी रेलखंड संघर्ष समिति की पहल पर एक लाख ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मांग से अवगत कराया था। समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सर्वे होने से रेललाइन निर्माण के लिए जरूरी तैयारी शुरू हो पाएगी। इस संबंध में समिति लगातार पीएम, रेल मंत्री और रेलवे के वरीय अधिकारियों तक अपनी मांग रखते आ रहा है। साहेबगंज का रेल मार्ग के माध्यम से मोतीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, गोपालगंज, छपरा और सीवान जिलों से संपर्क हो जाएगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान