मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार से झारखंड के शहरों में बस से जाना अब आसान होगा। साथ ही यात्रियों को किराया भाड़ा भी कम लगेगा। इसके लिए उत्तर बिहार के आठ जिलों से झारखंड के लिए समझौते के तहत बसों का परिचालन होगा। सूबे के करीब 200 रूट झारखंड से बस मार्ग से जुड़ेगी। इसमें उत्तर बिहार के सात जिले भी शामिल है।
मुजफ्फरपुर के अलावा मोतिहारी, रक्सौल, बेतिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी से झारखंड के लिए परिचालन शुरू होगा। 19 अक्टूबर को पटना में होने वाली राज्य परिवहन प्राधिकार की बैठक में इस पर मुहर लगेगी।

परिवहन विभाग के राज्य परिवहन आयुक्त के कार्यालय के उप परिवहन आयुक्त ने पत्र जारी किय है। बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर से रांची, टाटा, धनबाद और बोकारो के लिए बसें चलेंगी।
हालांकि, इन रूटों पर पहले से दो दर्जन से अधिक निजी बसों का परिचालन हो रहा है। लेकिन, इन बसों का किराया निजी ऑपरेटरों से 10 से 25 फीसदी कम होगा।
बसों के लिए समय-सारणी भी बैठक के बाद तय की जाएगी। बता दें कि उत्तर बिहार के लोगों के लिए झारखंड के लिए बस सेवा शुरू होने से समय की भी बचत होगी।
वर्तमान में निजी बसों के अलावा एक मात्र ट्रेन है, जो मुजफ्फरपुर जंक्शन से हटिया (रांची) के लिए चलती है। यह ट्रेन गोरखपुर से बनती है, जिससे उत्तर बिहार के लोगों के लिए सीमित सीट उपलब्ध होती है। लंबी वेटिंग लिस्ट होती है। बसों के परिचालन से यात्रियों को फायदा हो सकेगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान