मुजफ्फरपुर। मरीजों की जांच में डेंगू में भी खून का थक्का बनने का खुलासा हुआ है। डॉक्टरों के पास पहुंचे मरीजों की जांच में डी-डिमर दस गुणा बढ़ा हुआ मिला है।
डॉक्टरों का कहना है कि पहली बार ऐसा हुआ है, जब डेंगू में डी-डिमर बढ़ा हुआ मिल रहा है। डी-डिमर के अलावा डेंगू मरीजों का सीआरपी भी बढ़ा हुआ है।

सीआरपी भी पहली बार ही मरीजों में इतना ज्यादा बढ़ा हुआ मिल रहा है। फिजिशियन डॉ.निशिंद्र किंजल्क ने बताया कि डेंगू के मरीजों की जांच में डी-डिमर पांच हजार तक मिल रहा है, जबकि इसे 500 तक रहना चाहिए। सीआरपी पांच के नीचे रहना चाहिए, पर यह 70-80 तक मरीजों में पहुंच जा रहा है।

डेंगू के मरीजों का प्लेटलेट एक लाख तक कम हो जा रहा है। खून में प्लेटलेट की संख्या डेढ़ लाख तक रहनी चाहिए, लेकिन मरीजों में यह 50 हजार तक चला जा रहा है। इससे उनकी परेशानी बढ़ जा रही है।

डाक्टरों ने बताया कि अगर मरीज का प्लेटलेट 50 हजार से नीचे गया तो उसे प्लेटलेट चढ़ाने की नौबत आ जाती है। डॉ. किंजल्क ने बताया कि मरीजों का प्लेटलेट 50 हजार से नीचे नहीं जाए, इसके लिए उन्हें दवा दी जाती है।

उन्होंने बताया कि कोरोना से ठीक हुए मरीजों को डेंगू ज्यादा परेशान कर रहा है। इन मरीजों को ठीक होने दो हफ्ते का समय लग रहा है। बाकी मरीज हफ्ते भर में ठीक हो जा रहे है।

एसकेएमसीएच के मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ.अमित कुमार ने बताया कि डेंगू के मरीजों में डी-डिमर बढ़ने से बुखार उतरने में समय लगता है। काफी तेज बुखार रहता है। इसके अलावा जोड़ों में तेज दर्द भी मरीजों को रहता है। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए फुट शर्ट और फुल पैंट पहनना आवश्यक है। बच्चों पर खास ध्यान देने की जरूरत है। दिन में मच्छर भगाने की दवा का प्रयोग घरों में करना जरूरी है। सौजन्य : हिन्दुस्तान