मुजफ्फरपुर : बारिश व जलजमाव से बढ़ा मच्छर का प्रकोप

मुजफ्फरपुर। बारिश और जलजमाव के कारण शहर में मच्छर का प्रकोप बढ़ गया है। इसके कारण शाम घर के अंदर बैठना मुश्किल हो गया है। बिना मच्छर अगरबत्ती जलाए काम नहीं चलता।

हालांकि, इसकी शिकायत मिलने के बाद नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने बड़ा निर्णय लिया है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को कम करने के लिए गली-मोहल्ला के साथ मुख्य नाला में एंटी लार्वा स्प्रे कराने का निर्देश दिया है।

मंगलवार से इसका अभियान भी शुरू हो गया है, जो अगले एक माह तक नियमित रूप से एक साथ सभी वार्डों में चलेगा। इसके लिए सभी सफाई सर्किल इंस्पेक्टर व वार्ड जमादार को केमिकल व मशीन उपलब्ध करा दिया गया है।

नगर आयुक्त ने सिटी मैनेजर ओम प्रकाश को इसकी निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रतिदिन एंटी लार्वा स्प्रे के रिपोर्ट पर वार्ड पार्षद से भी हस्ताक्षर कराना है।

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के प्रत्येक इलाके से मच्छरों के प्रकोप बढ़ने की लगातार शिकायत मिल रही है। इसके मद्देनजर अगले एक माह तक नियमित रूप से स्प्रे कराने का निर्देश दिया गया है।

एक माह तक होने वाले स्प्रे के रिजल्ट को देख आगे फिर से बढ़ाने का निर्णय लिया जाएगा। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.