मुजफ्फरपुर : बेघरों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरा में होगा इंतजाम

मुजफ्फरपुर । बेघरों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरा में इंजजाम होगा। इसके लिए शहरी क्षेत्र में जहां-जहां रैन बसेरा बना है, पहली बार उसका सोशल ऑडिट होगा।इसके लिए राज्य सरकार के निर्देश पर ग्रामीण कार्य विभाग की सात सदस्यीय टीम मुजफ्फरपुर पहुंच गई है। बुधवार को टीम मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय से मुलाकात की।

फिर सिटी मैनेजर ओम प्रकाश व रैन बसेरा की व्यवस्था को देखभाल करने वाली डे-एनयूएलएम सिटी मिशन मैनेजर के साथ घंटों मीटिँग की।

टीम ने शहर के किस-किस हिस्सा में रैन बसेरा बना है, बेघरों के लिए रहने से लेकर भोजन स्वास्थ्य जांच की किस तरीके की व्यवस्था है, इन सभी बिंदुओं पर पूरी जानकारी तलब की है।

अगले पांच दिनों तक टीम शहर के एक-एक रैन बसेरा में घूम कर व्यवस्था का जायजा लेगी। साथ ही उसमें रहने वाले लोगों को किस तरीके से सुविधा मिल रही है, इन सभी बिंदुओं पर भी पूरी जानकारी हासिल करेगी।

इधर, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग कर शहर के रैन बसेरा की व्यवस्था को 15 नवंबर से पहले दुरुस्त करने का आदेश दिया है।

 

संभावित कड़ाके की ठंड के मद्देनजर सभी रैन बसेरा में बेड के साथ कंबल और बाहर में अलाव की व्यवस्था कराने का आदेश दिया है। प्रधान सचिव के आदेश मिलते ही नगर आयुक्त ने भी रैन बसेरा का संचालन करने वाले डे-एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर व कर्मियों को बेहतर तरीके से काम करने और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने का आदेश दिया है। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.