मुजफ्फरपुर : छठ घाटों को पर्व लायक बनाने के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेवारी

मुजफ्फरपुर। शहर के छठ घाटों को पर्व के लायक बनाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी है।

अधिकारियों को कहा गया है कि दिवाली तक सभी छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यो की रिपोर्ट सौंप दें। दिवाली व छठ के बीच सभी घाटों पर अनुशंसा के अनुसार काम कराए जाएंगे।

नगर आयुक्त ने बदहाल छठ घाटों को पर्व के लायक बनाने का आदेश अधिकारियों को दिया है। कहा गया है कि साहू पोखर, पड़ाव पोखर, ब्रह्मपुरा पोखर, सीढ़ी घाट, दादर सहित तमाम घाटों का निरीक्षण किया जाए।

बाढ़ व बरसात के दौरान जहां किनारा उबड़-खाबड़ है, उसे व्रतियों व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समतल किया जाएगा। दलदली घाटों की पहचान करने का आदेश भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिया है।

ऐसे दलदली घाटों पर पर्व न करने संबंधी अपील घाट पर टांगी जाएगी व लोगों को जागरूक किया जाएगा।इसके अलावा सभी पारंपरिक घाटों पर पानी का आकलन किया जाएगा कि कौन-कौन से घाट खतरनाक हैं, जहां हादसे की आशंका है।

नगर आयुक्त ने कहा है कि पानी की स्थिति जानने के बाद घाटों की बैरिकेडिंग की तैयारी की जाए, यह व्यवस्था की जाए कि बैरिकेडिंग के पार कोई न जा पाए। नगर आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों को पहले निरीक्षण कर रिपोर्ट देना है, उसके बाद छठ घाटों की कार्य योजना पर अमल किया जाएगा। इसके लिए सफाई प्रभारी के अलावा सिटी मैनेजर को जिम्मेवारी सौंपी गई है। घाटों की साफ-सफाई के लिए मजदूरों की व्यवस्था व उनकी तैनाती भी सिटी मैनेजर के द्वारा ही की जाएगी। सौजन्य : हिन्दुस्तान

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.