मुजफ्फरपुर। शहर के सदर अस्पताल में डेंगू की चार सौ कीट आने के बाद भी डॉक्टर मरीजों को डेंगू की जांच कराने के लिए नहीं लिख रहे है।
अस्पताल में जांच नहीं लिखे जाने मरीज निजी लैब में डेढ़ से दो हजार रुपए खर्च कर डेंगू की जांच करवा रहे है। वहीं, निजी लैब और अस्पतालों की रिपोर्ट को स्वास्थ्य विभाग मान नहीं रहा है।

इसलिए जिले में डेंगू के मरीजों की सही तस्वीर सामने नहीं आ पा रही है। मामले में डॉक्टरों की दलील है कि उन्हें पता ही नहीं है कि अस्पताल में डेंगू की जांच शुरू हो गई है।

वहीं, सदर अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग के प्रभारी डॉ.अजीत कुमार ने बताया कि डेंगू की किट यहां आ गई है और विभागों में किट आने की सूचना भी दी गई है।

ओपीडी से जांच लिखकर आएगी तो यहां की जाएगी। सदर अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यहां हर रोज ढाई सौ से तीन सौ मरीज जांच के लिए आते हैं। मेडिसिन विभाग में करीब 100 लोग इलाज के लिए पहुंचे है।
कर्मियों ने बताया कि सदर अस्पताल में पिछले वर्ष किट नहीं आने से डेंगू की एक भी जांच नहीं हुई थी। शहर के प्राइवेट लैब में लगातार डेंगू के मरीज मिल रहे हैं।
लेकिन, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में मरीजों की संख्या मात्र नौ ही है। निजी अस्पताल की रिपोर्ट को विभाग नहीं मानता है। विभाग सिर्फ एसकेएमसीएच की रिपोर्ट को ही मान्यता देता है। एसकेएमसीएच ने पिछले डेढ़ महीने में जिले के चार रोगियों में डेंगू की पुष्टि की रिपोर्ट विभाग को भेजी है। सौजन्य : हिन्दुस्तान