पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में जदयू छात्र ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद किया अपने नाम, मोहित बने अध्यक्ष

पटना। छात्र जदयू के मोहित प्रकाश पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ (पुसु) के अध्यक्ष बन गए हैं। वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अभिनव कुमार से 1000 से अधिक वोटों से आगे रहे।

एबीवीपी की अंजना सिंह उपाध्यक्ष और मणिकांत मणि महासचिव पद पर विजयी रहे। छात्र जदयू के कुमार सत्यम कोषाध्यक्ष पद पर 200 मतों से विजयी रहे। एबीवीपी के राजा रवि संयुक्त सचिव बने हैं। वे छात्र जदयू के निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 600 से अधिक मतों से आगे रहे। अहले सुबह 3:30 बजे चुनाव के नतीजे सामने आए।

इस तरह सेंट्रल पैनल के दो पदों पर छात्र जदयू और तीन पदों पर एबीवीपी के उम्मीदवार विजयी रहे। वाम दल, छात्र राजद, जन अधिकार छात्र परिषद का एक भी प्रत्याशी सेंट्रल पैनल में नहीं आ पाया।

इसके पहले रात 11 बजे काउंसलरों के चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी गई। पटना विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों और विभागों के 24 काउंसलरों में सर्वाधिक आठ पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।
एबीवीपी और आइसा ने तीन-तीन, जन अधिकार छात्र परिषद और छात्र लोजपा ने दो-दो एवं एआइएसएफ और एनएसयूआइ ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की। इसके पूर्व कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से छात्रसंघ चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हुई, जो दोपहर बाद दो बजे तक चला था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.