मुजफ्फरपुर। कांटी के सेंट्रल बैंक के ग्राहक के खाते से 125 बार में 12 लाख 49 हजार 300 रुपए की अवैध निकासी कर ली गई है। घटना कांटी के दामोदरपुर स्थित सेंट्रल बैंक शाखा की है।

घटना को लेकर थाना क्षेत्र के पानापुर खुर्द गांव निवासी रमेश कुमार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इसमें सेंट्रल बैंक के प्रबंधक निदेशक सह सीइओ मतम वेंकट राव, क्षेत्रीय प्रबंधक रोहित कुमार, शाखा प्रबंधक रमन कुमार, पूर्व शाखा प्रबंधक मनोज कुमार मिश्रा, बैंक के कर्मचारी व अज्ञात बीसी संचालक को आरोपित बनाया है।

पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर छानबीन में जुटी है। थाने में दर्ज प्राथमिकी में किसान रमेश कुमार ने बताया कि उन्होंने जमीन बेचकर बैंक में रुपए जमा किए थे।

खाते से अंतिम बार 18 जून को चेक से 20 हजार रुपए की निकासी की थी। इसके बाद से कोई निकासी नहीं की। कई बार बैंक में खाता अपडेट कराने गया तो मैनेजर ने प्रिंटर खराब होने का बहाना बनाकर उसको वापस भेज दिया।

बीते तीन सितंबर को को पासबुक की दूसरी प्रति दी। इसमें छह जुलाई की तिथि में दर्जनों अवैध निकासी का विवरण दर्ज था।
इस पर आपत्ति जताई तब चार सितंबर को खाते का स्टेटमेंट दिया गया। इससे पता चला कि तीन से छह जुलाई तक मेरे खाते से 125 बार में 12 लाख 49 हजार 300 रुपए की अवैध निकासी की गई थी। बैंक प्रबंधक रमन कुमार ने रमेश को बताया कि बैंक से जुड़े किसी अनजान बीसी (फ्रेंचाइजी) से आधार कार्ड के जरिए रुपए की निकासी की गई है। इस पर रमेश ने सवाल उठाया कि आधार कार्ड से एक दिन में एक बार ही निकासी होती है, तो मात्र चार दिन में 125 बार कैसे निकासी हो गई। सौजन्य : प्रभात खबर