मुजफ्फरपुर। शहर के मोतीझील, कल्याणी से लेकर हरिसभा चौक तक सड़क और नाला पर कब्जा किए दुकानदारों पर नगर निगम जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।
जो दुकानदार सड़क और नाला पर अस्थायी और स्थायी रूप से कब्जा कर दिया है उनसे 5 हजार से 20 हजार रुपए तक जुर्माना वसूल किया जाएगा। इसमें वार्ड नंबर 23, 24 और 35 के डेढ़ सौ से ज्यादा दुकानदार शामिल है।
बताया जाता है कि सभी को पूर्व में व्यक्तिगत नोटिस नगर निगम की ओर से दिया जा चुका है। मंगलवार को नगर आयुक्त ने एक आम नोटिस जारी किया है।

नोटिस में कहा गया है कि मोतीझील नगर थाना से कल्याणी व हरिसभा चौक तक की सड़क व ड्रेनेज का निर्माण स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से होना है, लागत राशि 5.87 करोड़ रुपए है।

इसके लिए निगम की अमीन से सड़क की पैमाइश शुरू करा दी गई है, लेकिन जगह-जगह अतिक्रमण रहने के कारण पैमाइश में परेशानी हो रही है। नगर आयुक्त ने बताया कि जो लोग स्थायी और अस्थायी रूप से अतिक्रमण किए हुए है।

सभी को एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण मुक्त करते हुए खाली करने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर अस्थायी रूप से अतिक्रमण करने वाले पर 5 हजार रुपए एवं स्थायी रूप से अतिक्रमण करने वाले पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कच्चा-पक्का निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

स्मार्ट रोड नेटवर्क के तहत मोतीझील आदर्श नगर थाना से कल्याणी-हरिसभा चौक तक स्मार्ट रोड बनाया जाना है। सौजन्य : प्रभात खबर
