मुजफ्फरपुर। दो स्कूलों द्वारा कोरोना काल की फीस बच्चों से लेने पर डीईओ ने स्कूल को नोटिस भेजा है। अभिभावकों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए डीईओ अब्दुस सलाम अंसारी ने 24 घंटे के अंदर स्कूल के प्रधानाध्यापक व प्रबंधक से जवाब मांगा है।
कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने पर अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

डीइओ ने दोनों स्कूलों के भौमिक व सभी अभिलेखों की जांच का निर्देश डीपीओ प्रारंभिक शिक्षा व सर्व शिक्षा अभियान को दिया है।
डीइओ ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि कोरोना से माता-पिता या दोनों को खोने वाले बच्चों की फीस नहीं लेनी है।
इस आदेश के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक व प्रबंधक को नोटिस भेजा गया है।
दुर्गा स्थान ब्राह्मण टोली स्थित एक स्कूल के बारे में सरैयागंज की सीमा देवी ने शिकायत की है। ब्रह्मपुरा के एक स्कूल के बारे में जूरन छपरा निवासी जयप्रकाश सहनी की शिकायत पर नोटिस भेजा गया है।
डीइओ ने कहा कि अभिभावकों की शिकायत पर नोटिस भेजा गया है। डीपीओ से स्कूलों की जांच रिपोर्ट भी मांगी गई है। सौजन्य : प्रभात खबर