मुजफ्फरपुर। एलएस कॉलेज के नियमित छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा। यह बात एलएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने कही।
उनका कहना है कि नियमित छात्रों को पुरस्कृत करने के साथ उन्हें छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। इसके अलावा छात्रों के लिए मासिक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पान वालों को लंगट बाबू मेधा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
बाकी छात्रों को भी सहभागिता प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा साप्ताहिक व पाक्षिक क्विज और डिबेट का आयोजन होगा।
इसमें भाग लेने वाले छात्रों को विशेष मेधा सम्मान दिया जाएगा। कॉलेज में पाक्षिक हैप्पीनेस क्लास शुरू की जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राओं को तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखाई जाएगी।
हास्य व मनोविनोद के सहारे उत्कृष्ट जीवनशैली के गुर भी बताए जाएंगे। प्राचार्य ने कहा कि हर विभाग नए सत्र से छात्र-छात्राओं को इंडक्शन मीट कराएंगे।
छात्रों के शैक्षिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उन्नयन के लिए हर महीने वर्कशॉप कराए जाएंगे। अच्छे पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान