मुजफ्फरपुर। स्मार्ट सड़क के लिए नगर थाना से हरिसभा के बीच बनी दुकानें कार्रवाई की जद में है। निगम के अमीन द्वारा की गई मापी में पाया गया है कि बड़ी संख्या में दुकानों का छज्जा व सीढ़ी सरकारी जमीन पर बनाए गए है।
भवन बनाने वालों ने चालाकी से मुख्य भवन तो अपनी जमीन में बनवाया है, लेकिन मकान का छज्जा व सीढ़ी सरकारी जमीन में बना दिया है।
गुरुवार को निगम के अमीन ने स्मार्ट सड़क के लिए मापी शुरू की है। नगर थाना से हरिसभा तक मापी में वर्तमान सड़क 11 मीटर यानि करीब 36 फीट चौड़ी ही निकल रही है।
जबकि स्मार्ट सड़क की चौड़ाई नाला सहित 40 फीट होना है। नगर निगम के अमीन ने गुरुवार को सड़क की मापी की और संबंधित भवन मालिक को बुलाकर दिखा भी दिया।
भवन मालिकों को कहा गया है कि यदि वे संतुष्ट होना चाहते हैं तो दूसरे अमीन से भी मापी कराकर संतुष्ट हो लें। इसके बाद निगम नोटिस जारी करते हुए अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू करेगा।
मापी में लगे कर्मियों ने बताया कि थाने से हरिसभा तक करीब एक हजार दुकानें प्रभावित हो रही है। इन दुकानों की सीढ़ी व छज्जा सरकारी जमीन में निकली हुई है, जबकि भवन निजी जमीन में बनाया गया है। वहीं अमीन ने मापी करते हुए सभी जगह लाल निशान लगा दिए हैं, ताकि लोग अपने स्तर से मापी कराने के बाद अतिक्रमण खुद खाली कर दें।
यदि वे खुद खाली नहीं करते हैं तो उन्हें पांच हजार से लेकर 20 हजार रुपए तक जुर्माना भरना पड़ेगा और निगम खुद अवैध निर्माण को तोड़ेगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान