मुजफ्फरपुर। नगर निगम में 30 अक्टूबर को होने वाली अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आहूत बैठक की वीडियो रिकार्डिंग होगी। इसको लेकर गहमागहमी शुरू हो गई है।
मेयर पक्ष की ओर से हाईकोर्ट में दाखिल याचिका अभी अनसुनी पड़ी है। वहीं विरोधी खेमा विशेष बैठक की तैयारी के बीच वार्ड पार्षदों का एकजुट रखने की मुहिम में जुटा है।

इसी बीच नगर निगम प्रशासन ने विशेष बैठक को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। विशेष बैठक के लिए जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के साथ ही मतों की गिनती के लिए अपर समाहर्ता राजेश कुमार को तैनात कर दिया है।

निगम ने सभी पार्षदों को भेजी गई नोटिस का तामिला सुनिश्चित करा लिया है। इधर, विपक्षी खेमा से गुरुवार को एक पार्षद के शहर से बाहर जाने की खबर के बीच सभी पार्षदों की खोज-खबर तेजी से शुरू हो गई है।
फोन पर ही बात कर विशेष बैठक की रणनीति तय की जाती रही। दूसरी तरफ मेयर के खिलाफ तीसरी बार अविश्वास को लेकर हाईकोर्ट में याचिका की स्थिति अब भी साफ नहीं हुई है।
मेयर पक्ष की ओर से दाखिल याचिका की सुनवाई के लिए अभी तक तिथि न मिलने से परेशानी बढ़ गई है।
पार्षद जावेद अहमद ने यह याचिका डाली है और उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि विशेष बैठक से पहले इस पर सुनवाई होगी और कोई निर्देश आएगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान