समस्तीपुर। पूसा (समस्तीपुर) डाक निदेशालय के निर्देश और ‘पुष्य-नक्षत्र’ के शुभ-अवसर पर प्रधान डाकघर समस्तीपुर समेत देश के तमाम प्रधान डाकघर तथा चुनिंदा डाकघरों के माध्यम से भारतीय रिजर्व बैंक की ‘सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड योजना ट्रेंच 2021-22 सीरीज सात की बिक्री की शुरुआत 25 अक्टूबर से शुरू होकर 29 अक्टूबर तक चली।
यह बातें पूर्व जनसंपर्क निरीक्षक डाक सह मार्केटिंग एक्सक्यूटिव शैलेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को पूसा उपडाकघर पर कही।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत हमारे सभी सम्मानित ग्राहक, ट्रस्ट, यूनिवर्सिटीज, चैरिटेबल-ट्रस्ट, इस योजना में शामिल होकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित 99.99 प्रतिशत शुद्ध 24 कैरेट सोने के 1 ग्राम मूल्य के बराबर ऑन लाईन 4761/- रुपये (प्रति ग्राम की दर से ) राशि निवेशित कर न्यूनतम एक यूनिट (एक ग्राम) के ‘सॉवरेन गोल्ड-बांड’ की खरीददारी एकल या संयुक्त रूप से कर सकते है।
किसी भी व्यक्ति द्वारा अधिकतम 500 ग्राम सोने के मूल्य के बराबर राशि अविभाजित हिन्दू परिवार के लिए तथा किसी ट्रस्ट, संस्थान के द्वारा अधिकतम 4 किलोग्राम सोने के मूल्य के बराबर की राशि की ‘गोल्ड-बॉन्ड’ की खरीददारी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि संयुक्त-निवेश की स्थिति में प्रथम-निवेशकर्ता पर अधिकतम खरीदगी की सीमा लागू होगी, जिसकी परिपक्वता-अवधि 8 वर्षों के पश्चात् आपके द्वारा खरीदे गए सोने के बढ़े (तात्कालिक) मूल्य के साथ-साथ 2.50 प्रतिशत आकर्षक ब्याज भी मिलेगा तथा इस बांड का उपयोग बैंकों के द्वारा दी जानेवाली ‘गोल्ड-लोन’ जैसी सुविधा के उद्देश्य से की जा सकती है।
आवश्यकता पड़ने पर 5 वर्षों के बाद परिपक्वता अवधि के पूर्व भी बांड का तत्कालीन ब्याज समेत देय राशि का भुगतान लिया जा सकता है। इस ‘गोल्ड-बांड’ की खरीद करनेवाले ग्राहकों को अपना पैन-कार्ड , फोटो पहचान-पत्र के रूप में आधार-कार्ड या मान्य अन्य कागजात,अपने बैंक खाते का डिटेल (विवरण), बैंक का आईएफएस कोड के साथ नकद अथवा 20 हजार रुपए से ज्यादा

की खरीदगी हेतु चेक/बैंक-ड्राफ्ट स्वीकार्य होगा साथ ही ग्राहकों को अपना मोबाइल नंबर देना आवश्यक होगा ताकि उक्त प्रयोजन हेतु आवश्यकता पड़ने या बांड प्राप्ति हेतु ग्राहकों से सीधा संपर्क साधा जा सके।
शैलेश कुमार सिंह ने आगे बताया कि इस वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल सीरीज में गोल्ड बॉन्ड मार्च 2022 तक जारी किये जाएंगे तथा अगले सीरीज सात की बिक्री 29 नवंबर से शुरू होकर 03 दिसंबर 2021 तक चलेगी। मौके पर उप डाकपाल पवन शर्मा, डाक सहायक बिलाश प्रसाद मंडल, अमन कुमार ठाकुर, जयंत कुमार, राकेश कुमार, राम जिनिस राय, चंद्रमणि प्रसाद भोला, मनदीप कुमार, महेश कुमार आदि शामिल थे।