मुजफ्फरपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2022 के लिए जिले से भेजे गए 36 छात्र-छात्राओं के रजिस्ट्रेशन फॉर्म व परीक्षा फॉर्म में गड़बड़ी मिली है।
स्थिति यह है कि विक्रम कुमार का रजिस्ट्रेशन है और शालू कुमारी का परीक्षा फॉर्म भरा गया जबकि, नंदिनी कुमारी के रजिस्ट्रेशन पर आरती कुमारी का, मुस्कान कुमारी की जगह प्रीति कुमारी का, राजेश कुमार की जगह विशाल कुमार का, कुंदन कुमार की जगह मुसर्रत जहां और चांद कुमार की जगह राजकुमार का परीक्षा फॉर्म भर दिया गया है।
परीक्षार्थियों के साथ ही पिता का नाम भी बदल गया है। समिति के परीक्षा नियंत्रक ने डीइओ को ऐसे परीक्षार्थियों की सूची के साथ पत्र भेजा है।
कहा है कि त्रुटि संशोधन के दौरान धोखाधड़ी की गई है। संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट मांगी है।
जिले के 48 स्कूलों ने माध्यमिक परीक्षा 2022 के लिए जारी डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड ही नहीं किया है। समिति ने डमी एडमिट कार्ड अपलोड कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराने के लिए 25 अक्टूबर तक का समय दिया था।
परीक्षार्थी या माता-पिता के नाम में कोई त्रुटि होने पर संशोधन कराना था। समीक्षा के बाद पता चला कि 48 स्कूलों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड ही नहीं किया है।
समिति के परीक्षा नियंत्रक ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को पत्र भेजकर 30 अक्टूबर तक स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही कहा है कि एक नवंबर तक डमी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर जरूरी हो तो सुधार की प्रक्रिया पूरी कर लें। सौजन्य : प्रभात खबर