मुजफ्फरपुर। जिले में पांच वर्ष से कम उम्र के कुपोषित बच्चों की संख्या 64.4 फीसदी है। इनकी लंबाई और वजन मानक के अनुसार नहीं है।
बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग व समाज कल्याण विभाग ने संयुक्त रूप से इस वर्ष जनवरी में योजना चलाई थी। सीडीपीओ, आंगनबाड़ी, सुपरवाइजर आशा व एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया था।
आशा को प्रत्येक घर में जाकर प्रश्नावली के अनुसार कुपोषण का मानक तय करना था और कुपोषित बच्चों की पहचान करनी थी, लेकिन यह योजना एक महीने तक चली।
इसके बाद से कुपोषित बच्चों की पहचान नहीं हो पाई। इस तरह से कुपोषण के मामले में मुजफ्फरपुर सूबे का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। यहां हर दो में एक बच्चा कुपोषित है।
किसी का वजन उम्र के हिसाब से नहीं है, तो किसी की लंबाई और वजन का अनुपात ठीक नहीं है। यहां शिशुओं और महिलाओं की स्थिति भी खराब है। कुपोषण के कारण वे कई तरह की बीमारियों का शिकार हो रहे है।
बच्चों को सही पोषण नहीं मिलने से वे कुपोषित हो रहे है, तो महिलाओं में खून की कमी हो रही है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे (2019-20) के रिपोर्ट की मानें तो सबसे खराब स्थिति महिलाओ की है।
संतुलित भोजन नहीं मिलने के कारण उनके शरीर में खून की कमी हो रही है। जिले में 61.1 फीसदी महिलाएं इस परेशानी से जूझ रही है। ऐसा तब होता है जब शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बहुत नीचे चला जाता है। इससे डिप्रेशन, शरीर में सिहरन, चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना व यादाश्त कमजोर होने संबंधी परेशानी होती है। बच्चों में कुपोषण की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। सौजन्य : प्रभात खबर